रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 नवम्बर। कल शनिवार को बैंकिंग सेवा के साथ-साथ एटीएम सेवाएं भी बाधित रहने वाली है। दरअसल, बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। आपको बता दें कि 19 नवंबर, को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। ऑल इंडिया बैंक एम्पलॉय एसोसिएशन ने एक दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। इसमें सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के अवार्ड स्टाफ यानी लिपिक और सब स्टाफ भृत्य आदि शामिल हैं। अधिकारी हड़ताल से दूर हैं लेकिन नैतिक समर्थन किया है। इस हड़ताल को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक एंप्लाइज से जुड़े 9 संगठनों के कर्मचारी, अधिकारी आज शाम 5.30 सेंट्रल बैंक की छत्तीसगढ़ शाखा के सामने और कल सुबह भी वहीं प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज के पास रेग्युलेटरी फाइलिंग में जानकारी दी है कि ऑल इंडिया बैंक एम्पलॉय एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव ने हड़ताल पर जाने के लिए इंडियन बैंक एसोसिएशन को नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर 19 नवंबर, को हड़ताल पर जाने की बात कही है. यानी 19 नवम्बर को बैंको के कामकाज ठप रहेंगे।
बैंक ने यह भी कहा है कि हड़ताल वाले दिन बैंक शाखाओं और दफ्तरों में में ऑपरेशन जारी रखने के लिए सभी उचित कदम उठाये जा रहे हैं लेकिन अगर हड़ताल पर बैंक कर्मचारी जाते हैं बैंक शाखाओं और दफ्तरों का कामकाज प्रभावित हो सकता है। दरअसल, 19 नवंबर, शनिवार पड़ रहा है और हर महीने के दूसरे चौथे शनिवार को बैंक वैसे ही बंद रहता है। लेकिन इस महीने के तीसरे शनिवार को भी हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होंगी।
ऐसे में, शनिवार को हड़ताल होने से कामकाज बंद रहेंगे, और अगले दिन रविवार की छुट्टी रहेगी। अगले ही दिन रविवार होने के चलते एटीएम पर दो दिनों तक कैश की कमी का सामना आम लोगों को करना पड़ सकता है।
इनकी प्रमुख मांगे
नौकरियों पर मंडराता खतरा, बैंकों में सैलरी रिजर्वेशन से इंकार, कर्मचारियों से सही बरताव, सरकारी बैंकों का निजीकरण का विरोध।