रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 नवम्बर। माना एसओएस चिल्ड्रन विलेज में नाबालिग के साथ हुए रेप को लेकर महिला बाल विकास विभाग ने अब आंख खोली है। विभागीय सचिव भूवनेस यादव ने गुरूवार शाम तक जांच रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारियों को तहकीकात के लिए भेजा था, जो आज शाम तक रिपोर्ट देंगे।
विशेष सचिव पोषण चंद्राकर, संयुक्त संचालक राजेश सिंघी, डीपीओ निशा मिश्रा, डीडब्लूसीडीओ शैल ठाकुर बीते दिनों ने जाँच करने संबंधित बालिका गृह पहुंचे। वहां उन्हें कुछ चौकाने वाली जानकारी मिली। जिस संस्था में उक्त घटना हुई वहां वर्तमान में 200 से अधिक लड़कियां निवासरत है जिनमे अधिकांश की उम्र 12 से 17 साल के बीच है। अफसरों की टीम ने बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था, वार्डन, सहित अन्य बारीकी जानकारी ली। वही जिस संस्था द्वारा बालिका गृह का संचालन किया जा रहा उस पर कार्यवाही करने पूर्व सचिव ने लिखा था, पर उस पर अमल नहीं हो सका।
उधर सचिव ने बालिका गृह संचालित करने वाली संस्था के जिम्मेदार को फटकार लगाने भी लगाया है।
भाजपा की मांग पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करे पुलिस
इस मामले में भाजपा के द्वारा राष्ट्रीय बाल आयोग को शिकायत करने के बाद पुलिस ने पुन: पीडि़ता के बयान के आधार पर आखिरकार एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र से 19 वर्षीय आदित्य खांडे नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी से साफ है कि पुलिस ने तात्कालिक समय में बिना जांच किए मामले की फाइल बंद की थी। इसलिए पॉस्को एक्ट के प्रावधान के अनुसार अपराध में तात्कालिक पुलिस प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं एसओएस एनजीओ के तात्कालिक अधिकारी भी समान रूप से जिम्मेदार माना जाए और सभी पर पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाए। भाजपा के मीडिया सहप्रभारी अनुराग अग्रवाल ने पुलिस एवं महिला बाल विकास विभाग के कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठते हुए कई गंभीर सवाल पूछे।
उन्होंने कहा कि कई गंभीर प्रश्न अभी भी वही के वही है । आज भी खुलासे पर खुलासे होने के बाद भी पीडि़त बालिका उसी एस ओ एस बालिका गृह में है। अभी तक उसे कहीं अनयंत्र सुरक्षित जगह स्थानांतरित नहीं किया गया है।
दूसरा बालिका गृह में रह रहे अन्य बच्चियों की कोई जांच कांग्रेस सरकार के अधिकारियों द्वारा नहीं की गई है। और ना ही इसे हेतू कोई प्रयास किए गए हैं । जिससे उनकी सुरक्षा एक गंभीर प्रश्न बन कर आज भी खड़ा है।
भाजपा मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने कहा तात्कालिक परिस्थिति में जिस नए आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। इस मामले को शीघ्र राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग को पुन: पत्र लिखकर अवगत कराएंगे ताकि शीघ्र से शीघ्र इस मामले पर कार्रवाई हो सके ।