रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 नवम्बर। विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत ने आईएएस अफसर समीर विश्नोई की जमानत याचिका खारिज कर दी है। इसका ईडी ने विरोध किया था। समीर इस समय 23 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल में हैं। उन्होंने 11 नवंबर को भी याचिका दायर की थी।
विश्नोई ने स्वयं को मूल अपराध में बतौर अभियुक्त होने से इंकार करते हुए जमानत याचिका दायर की थी। इसके अलावा मूल अपराध की विवेचना पर कर्नाटक हाईकोर्ट की रोक का भी हवाला भी दिया था। ईडी के वकील समीर पांडे ने अपनी दलील में कहा कि समीर विश्नोई के पास से जेवरात जब्त किए गए हैं। साथ ही विश्नोई यह बताने में असफल रहे हैं कि इन जेवरात और उन्हें हासिल करने का सोर्स का ब्यौरा भी नहीं दिया है। अधिवक्ता पांडे ने यह भी कहा कि विश्नोई वह मुख्य व्यक्ति है इन्होंने डीओ की प्रक्रिया को आनलाइन से मैन्युअल कर दिया जिससे यह घोटाला हो पाया। कोर्ट ने कहा कि अपराध गंभीर है, और इसमें अभियुक्त की संलिप्तता स्पष्ट दिख रही है। इसलिए ज़मानत नहीं दी जा सकती है।