रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 नवम्बर। नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रुपयो की ठगी करने वाला विपिन कुमार अग्रवाल गिरफ्तार कर लिया गया है।शिक्षा विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर उसने 11.50 लाख रूपए लेकर धोखाधड़ी की थी।
विपिन स्वयं को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ होने का झांसा देकर धोखाधड़ी करता रहा। विपिन अब तक फरार था। उसके खिलाफ सिविल लाईन में धारा 420,467,471 भादवि. के तहत जुर्म दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि मधु पिल्ले चौक, शांति नगर निवासी सुरेन्द्र हरपाल उम्र 45 साल ने तीन महीने पूर्व 19 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि बगीचा जशपुर निवासी विपिन अग्रवाल ने स्वयं को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत और जान पहचान विभिन्न सरकारी विभागों में होना बताया। सुरेन्द्र से शिक्षा विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर छलपूर्वक अलग अलग किश्तों में कुल 11 लाख 50 हजार रूपये लेकर धोखाधड़ी की। इस पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू की। लेकिन विपिन अग्रवाल रिपोर्ट दिनांक से लगातार फरार चल रहा था।
इसी क्रम में सायबर सेल एवं मुखबीर की सूचना पर विपिन अग्रवाल का लोकेशन गोवा में होने की जानकारी मिली।
सिविल लाईन की पुलिस टीम ने रेड कार्यवाही कर विपिन अग्रवाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने धोखाधड़ी करना स्वीकारते हुए प्राप्त रकम को गोवा घुमने एवं मोबाइल खरीदना बताया। मोबाइल जप्त किया गया ।
6.90लाख देकर नियुक्ति पत्र के लिए सालभर इंतजार किया, हो गई ठगी
राजधानी में इन दिनों ठग गिरोह सक्रिय हो गए है। शहर में घुम-घुम कर लोगों को अपना निशाना बना रहे है। कभी किसी को नौकरी दिलाने का तो पैसा डबल करने का झंासा देकर उनसे मोटी रकम लूट कर फरार हो जाते है। ऐसा ही एक मामला आमानाका थाना का है,जहां पर मोहल्ले के ही रहने वाले एक शख्स ने बिजली आफिॅस में डाटाएंट्री आपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से 6.90 लाख रूपए ठग लिए।
पूरा मामला यह है कि राजीव नगर मोहबाबाजार निवासी नागेश्वरी साहू ने थाना में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 अगस्त 2021 को मोहल्ले के ही रहने वाले दीनेश मानिकपुरी ने सरकारी नौकरी लगाने की बात की। और अपने झांसे मे लेकर लडक़ी से दस्तावे भी जमा करवाया । उसके बाद नौकरी लगाने के एवज में 6लाख 90 हजार रूपए की मांग की। जिसे नागेश्वरी के परिवार के लोगों ने उसके झांसे में आकर तीन किस्त में पैसा जमा कर दिया। उसके बाद सालभर बाद भी नौकरी के लिए कोई लेटर नहीं आया। दीनेश पहले तो टालमटोल करने लगा। फिर बाद में उसे फोन करने पर मोबाइल स्वीच ऑफ आने लगा। जिसपर नागेश्वरी को ठगी का शक होने पर थाना में धोखाधड़ी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी दीनेश मानिकपुरी पर धारा 420 का अपराध दर्ज गिरफ्तार किया।