रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 नवम्बर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर उनके विचारों, व्यक्तित्व और कृतित्व पर ’नेहरू का भारत डॉट कॉम’ http://nehrukabharat.com वेबसाईट का लोकार्पण किया।
गौरतलब है कि पंडित नेहरू के विचारों और उनके ’आइडिया ऑफ इंडिया’ से आम जनता को परिचित कराने और जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ’पॉलिसी एनालिसिस, रिसर्च एंड नॉलेज फाउंडेशन’ (पार्क फाउंडेशन) द्वारा यह वेबसाइट तैयार कराई गई है, इसके अंतर्गत डिजिटल पाक्षिक बुलेटिन भी प्रारंभ किया जा रहा है। इस अवसर पर खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा, पार्क फाउण्डेशन के अध्यक्ष उमा प्रकाश ओझा, सचिव जीवेश चौबे, डॉ. राकेश गुप्ता, गौतम बंधोपाध्याय, पवन चन्द्राकर और श्री हरजीत जुनेजा भी उपस्थित थे।
वेबसाईट में देश के पहले प्रधानमंत्री और स्वप्नदृष्टा पंडित जवाहर लाल नेहरू का च्च्आइडिया ऑफ इंडियाज्ज् जिसमें उनकी वैश्विक समझ, विश्व बन्धुत्व, मानवतावादी दृष्टि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और धर्मनिरपेक्ष सोच के साथ साथ समावेशी विचारधारा, उनके प्रगतिशील विचार समाहित हैं। पंडित जवाहर लाल नेहरू का मानवतावाद, हमारे समाज में वैज्ञानिक स्वभाव को बढ़ावा देने के बारे में उनकी गहरी चिंता, उनके धर्मनिरपेक्षता के प्रति समर्पण और हमारे देश में लोकतंत्र के मूल्यों को बनाए रखने के लिए उनकी प्रासंगिकता निरंतर बनी हुई है। समाज को आधुनिक तर्कसम्मत बनाने के लिए वैज्ञानिक सोच, धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र की प्रक्रियाओं द्वारा निर्धारित अनिवार्यताओं पर विस्तार से काम करना होगा। ’नेहरू का भारत डॉटकॉम’ वेबसाईट की इन विचारों से आम जनता को अवगत कराने में प्रभावी भूमिका होगी।