रायपुर

बाल दिवस समारोह में शामिल होंगे सीएम
13-Nov-2022 6:07 PM
बाल दिवस समारोह में शामिल होंगे सीएम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 नवम्बर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु की जंयती 14 नवम्बर को बाल दिवस के रूप में मनायी जाएगी। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुबह 11.30 बजे बाल दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम करेंगे और संसदीय सचिव द्वय  द्वारिकाधीश यादव और  विकास उपाध्याय, महापौर  एजाज ढेबर, विधायक  सत्यनारायण शर्मा और  कुलदीप जुनेजा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 

 प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने बताया कि बाल दिवस समारोह का संचालक स्कूल बच्चों द्वारा किया जाएगा। बस्तर एवं सरगुजा क्षेत्र के बच्चे अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों में अग्रणी रहने वाले बच्चों का सम्मान होगा। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग की गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनी भी लगायी जाएंगी। प्रदर्शनी में बालवाड़ी के माध्यम से बच्चों का सीखना, बहुमुखी प्रतिभाशाली बच्चों द्वारा प्रस्तुतिकरण, विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा, बच्चों द्वारा कुशल वाचन मौखिक गणित का प्रदर्शन, खिलौनों से सीखना अंगना में शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत बच्चों द्वारा तैयार सामग्री का प्रदर्शन, विभिन्न कौशल में दक्ष कुशल बच्चों का प्रस्तुतिकरण, गणित एवं विज्ञान क्लब के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट योजना अंतर्गत अंग्रेजी, हिन्दी माध्यम स्कूलों के बच्चों द्वारा स्कूल में की जा रही गतिविधियों का प्रदर्शन, शारीरिक विकास आत्मरक्षा के लिए बालिकाओं का प्रदर्शन, स्थानीय भाषा में शिक्षा एवं संविधान से परिचय आदि विषयों के लगभग एक दर्जन स्टॉल लगाये जाएंगे। इन स्टॉलों का नेतृत्व भी बच्चों द्वारा किया जाएगा।

विश्व बाल दिवस : एक से अधिक गांवों को नीले रंग में रंगा जाएगा

विश्व बाल दिवस के अवसर पर वैश्विक अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 1000 से अधिक गांवों को नीले रंग में रंगा जाएगा। बाल अधिकारों पर अधिक जागरूकता पैदा करने के लिए यूनिसेफ की यह अभिनव पहल 14 नवंबर को राष्ट्रीय बाल दिवस से 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस तक शुरू होगी। यह बच्चों और समुदाय में बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। राज्य के 1000 से अधिक गांवों में बाल सभा और बाल ओलंपिक का भी आयोजन किया जाएगा।

सप्ताह भर चलने वाले इस समारोह में 20 नवंबर को बच्चों के अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन की वर्षगांठ होगी। यूनिसेफ बाल अधिकारों को उजागर करने और बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं के लिए जीवन कौशल हासिल करने और प्रेरक रोल मॉडल और लड़कियों के सशक्तिकरण का निर्माण करने के लिए खेल के अवसर पैदा करना है।


अन्य पोस्ट