रायपुर

स्मृति सभा में लेखकों-साहित्यकारों ने मैनेजर पांडेय को याद किया
13-Nov-2022 6:03 PM
स्मृति सभा में लेखकों-साहित्यकारों ने मैनेजर पांडेय को याद किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 नवम्बर। हिंदी आलोचना के महत्वपूर्ण स्तंभ मैनेजर पांडेय के निधन पर रायपुर जन संस्कृति मंच की ओर से उनके व्यक्तित्व और कृतित्व का मूल्यांकन करते हुए श्रद्धांजलि दी गई. स्थानीय वृंदावन हॉल में संपन्न हुए आयोजन का संचालन करते हुए जसम रायपुर के अध्यक्ष आनंद बहादुर ने कहा कि हिन्दी आलोचना ही नहीं, सम्पूर्ण भारतीय समाज, और भारत सहित दूसरे देशों की साहित्यिक सांस्कृतिक सामाजिक चेतना से मैनेजर पांडे का गहरा सरोकार था. एक तरह से वे समस्त मानवता के प्रवक्ता थे. मैनेजर पांडे के जाने से जो समाज को हानि हुई है उसकी भरपाई मुश्किल है, लेकिन जैसा कि वे कहा करते थे कि आदमी चला जाता है लेकिन पूरा आदमी कभी नहीं जाता.उसकी सोच,उसका लेखन और कार्य उसे कई हिस्सों में जिंदा रखता है. मैनेजर पांडेय भी हमारे बीच जि़ंदा रहने वाले ह। युवा आलोचक भुवाल सिंह ठाकुर ने अपने आत्मीय अनुभव को साझा किया. उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों के बीच उनका आकर्षण इतना जबरदस्त था कि वे हमेशा विद्यार्थियों से बातचीत करते नजर आते थे।

बातचीत में वे इतने सरल और सहज थे कि उनकी महानता छिप जाती थी और कोई कल्पना नहीं कर पाता था कि वे कितने महान लेखक और आलोचक थे. मगर जब कोई छात्र पुस्तकालय पहुंचता तो वहां उनका काम बड़े स्तर पर दिखता था.वे शब्दों की विलासिता से अलग शब्दों के कर्म पर यकीन रखते थे. उनके साहित्य में हमें गांव की चौपाल व वहां मौजूद दिल्लगी की झलक मिलती है. वे कहते थे च्च्जो व्यक्ति लोकल होगा, वही व्यक्ति ग्लोबल होगा. वे पहले ऐसे शख्स थे जो रस, छंद, से अलग एक समाजशास्त्रीय नजर से दुनिया को देखते थे. उनकी किताब च्साहित्य का समाजशास्त्रज् इसकी एक बानगी है।

लेखक और पत्रकार समीर दीवान ने अपने वक्तव्य में कहा कि उनकी एक किताब में मनुस्मृति में जो वर्गवाद है, उसे बतलाया है और वर्णव्यवस्था की तुलना वज्रसूची से की है। उनकी प्रासंगिक बातों को और अधिक मुखरित करने की जरूरत है. उनके विद्यार्थियों को इस ओर और अधिक ध्यान देने की जरूरत है।

जसम रायपुर के सचिव मोहित जायसवाल ने कहा कि वे विज्ञान के छात्र होने के बावजूद मैनेजर पांडे के व्यक्तित्व की ओर आकर्षित होते रहते थे और इसी ने उन्हें साहित्य की ओर आने की प्रेरणा दी. मैनेजर पांडे के दिवंगत होने से साहित्य जगत ही नहीं पूरे भारतीय समाज का नुकसान हुआ है. उनका लिखा हुआ समाज व युवा पीढ़ी का निरंतर मार्गदर्शन करता रहेगा. आज के युवाओं को मैनेजर पांडे के व्यक्तित्व और कृतित्व से सीखने की जरूरत है।

मैनेजर पांडेय की छात्रा रही पूनम ने कहा कि मेरे मन में स्मृति का ज्वालामुखी मन में फूट पड़ा है. जहां भी हमारे गुरू का लेक्चर होता था, हम वहां पहुंच जाते थे. उनका व्यवहार विद्यार्थियों के साथ बहुत ही सहज व सरल था वे कहते थे साहित्य को सिर्फ पढऩा ब्लकि उसे जीना चाहिए।

 


अन्य पोस्ट