रायपुर
पहले ही दिन उम्मीद से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 नवम्बर। गुढि़ायारी के हांडी मैदान से लेकर उस तक पहुंचने वाले सभी रास्तों पर भारी भीड़ बनी रही। पंडित प्रदीप मिश्रा का शिव महापुराण कथा आज से शुरू हुई जो 5 दिनों तक चलेगी। पंडित मिश्रा, देश-विदेश में ख्यातिलब्ध हैं सो यह भीड़ रोजाना ऐसी ही बनी रहेगी।
पहले ही दिन पहुंची भीड़ को देखकर कहा जा सकता है कि मैदान छोटा पड़ गया है। आयोजकों ने इतनी भीड़ की उम्मीद न करते हुए इस मैदान का चयन किया था। अब लोग, ऐसे आयोजन शहर के बाहर करने की भी बात कहने लगे हैं। पुलिस अफसरों के मुताबिक पंडित मिश्रा को सुनने सुबह 8 बजे तक 4 लाख से अधिक लोग मैदान में बने पंडाल में समा गए थे। पंडाल करीब 5 लाख वर्गफीट में बनाया गया जो खचाखच भरा।
आयोजकों ने बताया कि कुछ लोग मंगलवार रात 8 बजे से ही अपनी जगह कब्जाने पहुंचने लगे थे। कुछ तो तडक़े भी पहुंचे। इस भीड़ में राजनांदगांव से लेकर बस्तर, सरगुजा तक के लोग भी है। कुछ श्रद्धालुओं के जबलपुर से भी आने की सूचना दी गई है। आज की भीड़ को देखकर कहा जा सकता है कि शनिवार-रविवार के अवकाश के दिन दोगुने से अधिक हो सकता है। ऐसे में किसी अनहोनी की स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करना तकलीफ देय होगा। ऐसे में इतनी छोटी जगह में इतने बड़े आयोजन की अनुमति देना, कई प्रश्नों को खड़े करता है। इस भीड़ के चलते सारी व्यवस्थाएं धरी की धरी रह गई है। पंडाल पहुंचने वाले एक ही रास्ते से वापसी नहीं कर पा रहे हैं। पंडाल भर जाने के बाद लोग, बाहर जहां जगह मिली बैठ गए। इसके चलते गुढिय़ारी बाजार के कारोबारियों ने भी अपना समय बदल दिया है। माल, लोडिंग-अनलोडिंग अब सुबह 11 बजे से पहले करा लेना का फैसला किया है।
अंधविश्वास से दूर रहने की सीख
प्रख्यात कथा वाचक प्रदीप मिश्रा का बुधवार को गुढिय़ारी दही-हांडी मैदान में चम्पेश्वर शिव महापुराण कथा शुरू हुई। इस मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। कथा वाचक श्री मिश्रा ने शिव महापुराण की महिमा का वाचन करते हुए कहा कि शरीर मूल्यवान है। ऐसा कोई मनुष्य जन्म नहीं लेता जिसे भगवान कीमतवाला नहीं बनाता। शिव महापुराण ने अंधविश्वास से दूर रहने की सीख देता है।