रायपुर

कोल ट्रांसपोर्टिंग थमी,सीएसईबी और एसईसीएल का नया टेंडर
09-Nov-2022 7:34 PM
कोल ट्रांसपोर्टिंग थमी,सीएसईबी और एसईसीएल का नया टेंडर

ईडी, आयकर छापों का असर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 नवम्बर। ईडी व आयकर छापे और गिरफ्तारियों के चलते खदानों से बिजली  संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। अब तक ट्रांसपोर्टिंग कर रहे बड़े ट्रांसपोर्टरों की  गिरफ्तारी और पूछताछ के चलते उनका काम लगभग बंद सा हो गया है। नतीजन, वहां लाखों टन कोयला जाम पड़ा है।

 छत्तीसगढ़ की कोयला खदान रायगढ़ जिले की तमनार तहसील के गारेपालमा गांव में है। छापों और गिरफ्तारी के अंदेशे में डूबे ट्रांसपोर्टर भूमिगत हैं।लाखों टन कोयला जाम पड़ा है। कोयले को मड़वा स्थित बिजलीघर पहुंचाने का काम ठप है। परिवहन को गति देने के लिए टेंडर तो निकाल दिया गया, मगर भारी भरकम शर्तों के कारण स्थानीय लोगों का दम फूल रहा है।

मसलन, निविदाकर्ता के पास 100 गाडिय़ां होनी चाहिए व 400 गाडिय़ां अटैच होनी चाहिए। उसे 2 साल में 40 कि.मी. दायरे में 15 लाख टन कोयला परिवहन का अनुभव होना चाहिए। जाहिर है, ये शर्तें बड़े कॉरपोरेट समूह ही पूरी कर पाएंगे।

 ईडी व आयकर छापे और गिरफ्तारियों के चलते खदानों से बिजली घरों को मिलने वाले कोयले की आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। हालात से निपटने के लिए बिजली कंपनी ने आनन-फानन में 03 लाख टन कोयले के परिवहन के लिए निविदा जारी कर दी है। निविदा में शर्तें ऐसी रखी गई है कि छत्तीसगढ़ के लोग इसमें शामिल नहीं हो पाएंगे।

वही, एस ई सी एल ने भी ई टेंडर निकाला हैं। कोयले की समस्या कम करने के लिए केंद्र सरकार पर लगातार दबाव के बाद एस ई सी एल  ने  भी बड़ा कदम उठाया है। यह टेंडर 05 वर्ष के लिए होगी। इसमें उद्योगपति भी शामिल हो सकते हैं।

अंकित आनंद अध्यक्ष छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल (आईएएस) टेंडर की अवधि खत्म हो रही है उसके पहले टेंडर किया प्रक्रिया की जा रही है। इसमें नियम- शर्तों में अगर किसी को आपत्ति है तो कमेटी के सामने अपना पक्ष रख सकते हैं।


अन्य पोस्ट