रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 नवम्बर। नौकरी के लिए रिज्यूम (बॉयोडाटा) चयन किए जाने की बधाई के साथ अज्ञात व्यक्ति ने जोरा तेलीबांधा निवासी युवती से एक लाख ठग लिए। उस व्यक्ति ने मोबाइल के एक नंबर से कॉल कर दूसरे नंबर पर पेटीएम से रकम ट्रांसफर कराया।
इस ठगी की कृषक नगर जोरा निवासी बीडी शर्मा की पुत्री अंजली शर्मा (27) ने गुरूवार को तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी। पुलिस के अनुसार अंजली ने कुछ महीने पूर्व नौकरी डॉट कॉम में अपना रिज्यूम जमा किया था। इस पर 3 नवम्बर को दोपहर 12 बजे एक व्यक्ति ने 87440-28622 नंबर से कॉल किया। उसने स्वयं को नौकरी डॉट कॉम का एग्जीक्यूरिव बताते हुए, अंजली को रिज्यूम सेलेक्ट होने की बात कही। साथ ही कहा कि वह वेरिफिकेशन और रजिस्ट्रेशन प्रोसेस के लिए कॉल करना बताया। इससे भरोसे में आकर अंजली ने अज्ञात व्यक्ति के कहे अनुसार ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करती रही। उसने सिक्यूरिटी मनी के रूप में राशि जमा करने भी कहा। इस पर अंजली ने उस व्यक्ति के दूसरे नंबर पर पेटीएम के जरिए कई किस्तों में कुल एक लाख रूपए ट्रांसफर किया। जब शाम 4 बजे तक कोई अपाइंटमेंट लेटर या समकक्ष पेपर न मिलता देख अंजली को ठगी होने अहसास हुआ। अंजली ने तेलीबांधा थाने में धारा 420 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला साइबर सेल को भेज दिया है।