रायपुर

नहाय खाय के साथ छठ शुरू, लोहंडा-खरना कल
28-Oct-2022 9:05 PM
नहाय खाय के साथ छठ शुरू, लोहंडा-खरना कल

रायपुर, 28 अक्टूबर। चार दिवसीय छठ पूजा नहाय खाय विधि के साथ शुक्रवार से प्रारम्भ हो गया है। 

छठ व्रतधारियों ने नहाए-खाय के दिन सुबह  स्नान किया और साफ-सुथरे कपड़े पहनकर शाकाहारी भोजन लिया। लोहंडा एवं खरना कल शनिवार संध्या 29 अक्टूबर को होगा। कल लोहंडा एवं खरना विधान के बाद छठ व्रती का 36 घंटे के निर्जला उपवास प्रारम्भ हो जायेगा।  संध्या अर्घ्य रविवार 30 अक्टूबर को होगा और उषा अर्घ्य सोमवार 31 अक्टूबर को होगा।

छठ महापर्व आयोजन समिति महादेव घाट रायपुर के  प्रमुख  राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 30 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित की जाएगी। छत्तीसगढ़ के स्थानीय एवं भोजपुरी कलाकार के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की जाएगी।  छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार दिलीप षड़ंगी, भोजपुरी कलाकार एवं सुर संग्राम विजेता मोहन राठौर, भोजपुरी कलाकार प्रियंका पांडेय, अंतरराष्ट्रीय नृत्य नाटिका प्रसिद्ध सोनाली और तरुण चोपड़ा ग्रुप के कलाकार नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगे । समिति के द्वारा 30 अक्टूबर को खारुन नदी के महादेव घाट पर भव्य संध्या आरती आयोजित की जाएगी । समिति के द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन 31 अक्टूबर की सुबह महादेव घाट पर किया जायेगा ।

छठ महापर्व आयोजन समिति महादेव घाट रायपुर के सदस्यों ने  शुक्रवार सुबह को खारुन नदी एवं महादेव घाट की सफाई की। समिति के सदस्य आज सुबह 6 बजे महादेव घाट पहुंचे और अपना श्रम दान कर खारुन नदी के किनारे घाट की सफाई की।  बड़ी मात्रा में खारुन नदी से कचड़े निकाले और घाट की सफाई की। इस सफाई अभियान में  निगम के सफाईकर्मी भी महादेव घाट की सफाई कर रहे हैं।  समिति के सदस्य रविन्द्र सिंह, परमानन्द सिंह, सुनील सिंह, रामकुमार सिंह, सत्येंद्र सिंह गौतम, शशि सिंह, बृजेश सिंह, रामविलास सिंह,  कन्हैया सिंह, अजय शर्मा, जयंत सिंह, सत्य प्रकाश सिंह,  अमरजीत सिंह, संतोष सिंह,  जयप्रकाश सिंह, मुकुल श्रीवास्तव, चंद्रशेखर सिंह, सरोज सिंह, संजय सिंह, वेद नारायण, अनिल सिंह, मदन विश्वकर्मा, संजय तिवारी, संजीव सिंह आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट