रायपुर

प्रदर्शनी से मूर्तियां चुराने वाले तीन गिरफ्तार, 40 हजार की मूर्तियां बरामद
01-Sep-2022 6:50 PM
प्रदर्शनी से मूर्तियां चुराने वाले तीन गिरफ्तार, 40 हजार की मूर्तियां बरामद

कटोरातालाब में बेचने की फिराक में थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 सितंबर। रात में अन्धेरे का फायदा उठाकर अस्थायी स्टाल से पीतल की मुर्तियां एवं शो पीस मुर्ति चोरी करने वाले  पवन नायक, रमेश निहाल एवं शंकर दीप को गिरफ्तार किया गया।

इन लोगों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मूर्तियों को  तोड़मोड़ दिया था। आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए पीतल की मूर्तियां व शो पीस कुल जुमला लगभग 40 हजार रूपये के जब्त किया गया। आरोपियों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में  धारा 457,380,201 भादवि. के तहत  अपराध पंजीबद्ध  किया गया।

 पुलिस के अनुसार मंगलवार को  हीरालाल सोनी उम्र 42 साल निवासी राजमहल रोड, टीकमगढ़ ने थाना सिविल लाईन में रिपोर्ट दर्ज कराया था। उसने ग्रास मेमोरियल प्रदर्शनी ग्राउण्ड में स्टाल नंबर 01 (तम्बू) में पीतल की मुर्तियां एवं शो पीस  बेचने का कार्य करता था। सोमवार की रात में  स्टाल को बंद कर अपने स्टाल के बाजू में सो गया। सुबह करीबन 07.30 बजे उठकर देखा तो तंबू के पीछे का पर्दा फाडक़र कोई अज्ञात चोर पीतल की मूर्तियां एवं शो पीस कीमती करीबन 40 हजार रूपये को चोरी कर ले गए।

प्रकरण में मुखबीर सूचना के आधार पर ज्ञात हुआ कि कुछ लोग पीतल की मुर्तियां बेचने के फिराक में छोटा मरीन ड्राईव, कटोरा तालाब के आसपास घूम रहे हैं। पुलिस ने वहां दबिश देकर पवन नायक, रमेश निहाल एवं शंकर दीप को चोरी गये पीतल की मुर्तियां व शो पीस के साथ पकड़ा ।  तीनों आकाशवाणी के पास उत्कल नगर सिविल लाइंस के निवासी हैं।आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों  ने चोरी  स्वीकारी। तीनों को गिरफ्तार  कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।


अन्य पोस्ट