रायपुर

छत्तीसगढ़ में डबल इंजन का नया मॉडल भी फेल हुआ - विकास
25-Aug-2022 5:44 PM
छत्तीसगढ़ में डबल इंजन का नया मॉडल भी फेल हुआ - विकास

भाजपा के 14 में से 10 विधायक कांग्रेस के राजनीतिक सहयोगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अगस्त।
संसदीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय ने पौने चार साल बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आन्दोलन का रास्ता अपनाये जाने को भाजपा के लिए मुद्दाविहिन व हताशा से भरा बताया है। उन्होंने कहा, देश में छत्तीसगढ़ एकमात्र प्रदेश है जिसे केन्द्र की भाजपा सरकार ईडी और आईटी के माध्यम से डरा न सकी। इसलिए पहले तो पार्टी के अन्दर ही प्रयोगशाला बनाकर  नया मॉडल का डबल इंजन का प्रयोग हुआ और अब पार्टी उस मुद्दे को लेकर राग अलाप रही है, जिस बेरोजगारी को लेकर केन्द्र की भाजपा सरकार खुद करोड़ों युवाओं के निशाने पर है।

विधायक विकास उपाध्याय ने कल भाजपा के प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी पर कई सनसनी खेज आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा इसलिए अब सफल नहीं हो सकती, क्योंकि उन्हीं के विधायक नहीं चाहते कि भाजपा सत्ता में वापसी करे। उन्होंने दावे के साथ कहा कि भाजपा के 14 में से 10 विधायक ऐसे हैं,जो कांग्रेस के निकट राजनैतिक सहयोगी हैं और इनकी इच्छा बिल्कुल भी नहीं है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करे। यही वजह है कि ये पौने चार साल तक चुप्पी साधे बैठे रहे। परन्तु केन्द्र की भाजपा सरकार 2024 में फिर से वापसी करना चाहती है इसलिए एक प्रयोग के तहत् छत्तीसगढ़ की कांग्रेस नेतृत्व को चुनौती देने डबल इंजन को ही बदलकर नया प्रयोग किया।


अन्य पोस्ट