रायपुर

सरगुजा से सुकमा तक सभी दफ्तर बंद
23-Aug-2022 6:42 PM
सरगुजा से सुकमा तक सभी दफ्तर बंद

हड़ताल में शामिल संगठन सौ पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 अगस्त। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर राज्य के 5 लाख कर्मचारी अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को सुकमा से लेकर सरगुजा तक दफ्तरों से बाहर धरना स्थल पर डटे रहे। फेडरेशन केंद्र के समान देय दिनांक से 34 फीसदी महंगाई भत्ता एरियर्स सहित देने तथा सातवें वेतनमान के अनुरूप गृहभाड़ा भत्ता देने की मांग कर रहा है। पहले दिन 99 संगठनों के हड़ताल पर जाने की सूचना थी, आज तीन और संगठनों ने सरकार को लाल सलाम कह दिया है। इनमें छत्तीसगढ़ सरपंच संघ, छत्तीसगढ़ राजस्व भू-अभिलेख अधिकारी-कर्मचारी संघ, और शासकीय कॉलेज अधिकारी-कर्मचारी संघ शामिल हैं।

जारी बयान में फेडरेशन ने सीएम बघेल से मांग की है कि जल्द आदेश जारी करें। सरगुजा से सुकमा तक सभी जिला, ब्लाक,तहसील मुख्यालय में कर्मचारी हड़ताल पर  है।साथ ही न्याययिक कर्मचारी संघ एवं प्रदेश के तहसीलदार, नायब तहसीलदार भी हड़ताल में शामिल है द्य  फेडरेशन के संयोयक कमल वर्मा एवं प्रांतीय प्रवक्ता चंद्रशेखर तिवारी, सतीश मिश्रा,आर के रिछारिया,बी पी शर्मा,राजेश चटर्जी ,संजय सिंह, सत्येन्द्र देवांगन,  अजय तिवारी, युधेश्वर ठाकुर ने  बताया कि न्यायायिक सेवा के कर्मचारी, सभी 23 जिलों में न्यायालय बंद कर हड़ताल पर रहे।

 राज्य के कलेक्टोरेट से लेकर 52 अन्य विभागों के कर्मचारी अधिकारी हड़ताल पर रहें। इन विभाग, आयोग एवं निगम मंडलो के काम-काज ठप रहा। राज्य के 103 कर्मचारी अधिकारी संगठन हड़ताल में शामिल है। राजस्व संघ के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने सचिव राजस्व विभाग को दिए पत्र में आज से ही हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। उन्होंने डीए, और एचआरए की मांग को जायज बताते हुए पूरी न होने पर आंदोलन आगे भी जारी रखने की बात कही है।

एक ही दिन में टूटी व्यवस्था

मंत्रालय संघ हड़ताल पर नहीं हैं। इन कर्मियों को सुरक्षा देने दावे के साथ स्टॉफ बसों में एक-एक पुलिस जवान तैनात किया था। ये जवान दूसरे ही दिन हटा लिए गए।


अन्य पोस्ट