रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अगस्त। अमेजन-ई-व्हाउचर के नाम पर लाखों रूपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी अरशद रशीद को गिरफ्तार किया गया ।
जानकारी के मुताबिक गोविंद कुमार अग्रवाल ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह ओपल बिल्डिंग अशोका रतन शंकर नगर रायपुर में रहता है तथा वंदना ग्लोबल लिमिटेड सिलतरा रायपुर में वाईस प्रेसिडेंट कार्पोरेट अफेयर एवं बिजनेस डेवलपमेंट के पद पर कार्यरत है। 15 जुलाई को मोबाइल नंबर 9392313213 के अज्ञात धारक द्वारा कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर गोपाल प्रसाद अग्रवाल का व्हाटसअप डीपी में फोटो डालकर कंपनी से प्राप्त मोबाईल नंबर में व्हाटसअप कॉल कर कहा कि मैं इस समय एक जरूरी मीटिंग में व्यस्त हूं, व्हाटसऐप मैसेज में बात करो।
इसी दौरान मोबाईल नंबर के अज्ञात धारक द्वारा किसी बिजनेस टास्क को पूर्ण करना है कहकर अपने झांसे में लेते हुए अलग - अलग किश्तों में कुल 5 लाख 50 हजार रूपए अमेजन ई व्हाउचर में खर्च कराया। यह कॉल फर्जी होने की पुष्टि के बाद गोविंद अग्रवाल ने मोबाइल नंबर 9392313213 के अज्ञात धारक के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई। अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 240/22 धारा 420 का अपराध पंजीबद्ध दर्ज किया गया।
ए.सी.सी.यू. की विशेष टीम गठित कर घटना के सभी पहलुओं का तकनीकी रूप से जांच करते हुए अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मोबाईल नंबर और ट्रांजक्शन हिस्ट्री की जानकारी ली गई। पुलिस के द्वारा मुखबिर लगाकर और आरोपी के मोबाईल नॅबर को ट्रेस कर सूचना के आधार पर अज्ञात आरोपी को तमिलनाडू के तन्जाबूर में होना पाया गया। आलाधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम तमिलनाडू रवाना किया गया। 05 सदस्यीय टीम तमिलनाडू के तन्जाबूर पहुंचकर वहां पर प्राप्त मोबाईल नंबरों के लोकेशन के आधार पर लगातार कैम्प करते हुए आरोपी के संबंध में जानकारियां जुटाना प्रारंभ किये तथा आरोपी की पहचान मोहम्मद अरसाथ अब्दुल राशीद के रूप में करते हुए टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी मोहम्मद अरसाथ अब्दुल राशीद को पकड़ा गया । घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा ठगी की घटना को स्वीकार किया गया । आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 01 नग वन प्लस कम्पनी का मोबाईल फोन , 01 नग एच.पी. कम्पनी का लैपटॉप एवं 01 नग एम . आई . कम्पनी का राउटर जप्त कर आरोपी का ट्रांजिट रिमाण्ड में लेकर रायपुर लाया गया।
आरोपी मोहम्मद अरसाथ अब्दुल राशीद मूलत: तन्जाबुर तामिलनाडू का निवासी है तथा चाईना से एम.बी.बी.एस. है। आरोपी के खातों की जांच की जा रहीं है ।