रायपुर

प्रेमिका की गला दबाकर हत्या
17-Aug-2022 6:34 PM
प्रेमिका की गला दबाकर हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 अगस्त। राजधानी रायपुर में लगातार अपराध के मामले सामने आ रहे है। खरोरा थाना क्षेत्र में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को जंगल में फेंक दिया और खुद मंदिर हसौद थाने में जाकर सरेंडर कर दिया।

सीएसपी उदयन बेहार ने बताया कि, घटना सोमवार की शाम 7 बजे की है। आरोपी मुकेश वर्मा 22 ने अपनी प्रेमिका काजल 21 साल की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को पास के जंगल में फेंक दिया। आरोपी मौके से फरार हो गया इसके बाद उसने मंदिर हसौद थाने में जाकर अपने गुनाह की जानकारी दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मुकेश वर्मा कई बार काजल को फोन पर किसी से भी बात करने से मना करता था। लेकिन वह नहीं मानी इससे वह काफी नाराज था।

काजल धरसीवा थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा में काम करती थी। 15 अगस्त की शाम लगभग पांच बजे आरोपी मुकेश काजल के पास पहुंचा और उससे साथ चलने के लिए कहा। दोनों साथ निकले ही थे कि अडसेना खल्लारी के पास विवाद हुआ तो युवक ने गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया है।


अन्य पोस्ट