रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 16 अगस्त। क्षेत्र में दो दिनों से बारिश होने से पैरी, सोंढूर एवं महानदी सहित इलाके के सभी छोटे बड़े नाले उफान पर हंै। खेत-खलिहानों में पानी भरा हुआ है। बारिश का पानी कई मार्गों में बने नालों के ऊपर से बहने लगा है, तो कई जगहों से संपर्क भी टूट चुका है। नाले का जलस्तर बढऩे के कारण पानी नाले के उपर से चल रहा है, जिससे मार्ग काफी प्रभावित रहा। कुछ लोग जान जोखिम में डालकर नाला पार करते दिखे। बारिश से एक तरह जन जीवन भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
त्रिवेणी संगम बीच स्थित श्रीकुलेश्वर महादेव मंदिर का चबुतरा पानी से घिरे होने की वजह से विहंगम नजर आ रहा है। वहीं लोमष ऋषि आश्रम के आसपास तथा साधु-संतों के ठहरने के लिए बनाए गए विश्राम गृह में भी बाढ़ का पानी घुस चुका है। पं. जवाहरलाल नेहरू पुल से नदी के लम्बे-चौड़े भाग को देखने से हर तरफ पानी ही पानी दिख रहा है। यह दृश्य लोगों को रोमांचित कर रहा है। इस सीजन का यह बाढ़ का विहंगम दृश्य है। जिसे देखने के लिए राजिम और नवापारा शहरवासी के अलावा राहगीर नदी के तट पर खड़े होकर आनंद ले रहे हैं। क्षेत्र के हर गांव की गलियां पानी की धार से लबालब है। जलाशयों की प्यास बुझ गयी है खेतों में भी लबालब पानी भर चुका है।
नवापारा के निचले क्षेत्र सोमवारी बाजार वार्ड, तथा त्रिवेणी संगम बीच स्थित श्री कुलेश्वर महादेव मंदिर चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है। पुजारियों को इसी वर्ष से लक्ष्मण झूला से मंदिर पूजा करने आने जाने के लिए छूट दिया गया है, भीषण बाढ़ को देखते हुए लक्ष्मण झूला बाकी समय के लिए प्रशासन द्वारा बंद कर दिया गया है।
श्री लोमश ऋषि आश्रम के आसपास बने आश्रम एवं देवालयम में भी महानदी की बाढ़ का पानी प्रवेश कर गए हैं अभी तक की बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।



