रायपुर

ग्रामीण आवास योजना में देरी पर केंद्र ने चेताया, काम चालू करें अन्यथा मदद बंद
05-Aug-2022 5:44 PM
 ग्रामीण आवास योजना में देरी पर केंद्र ने चेताया, काम चालू करें अन्यथा मदद बंद

शुरू हो रहा निर्माण कार्य, साढ़े 6 सौ करोड़ जारी-चौबे

ग्रामीण आवास के साथ-साथ रूर्बन मिशन भी बंद करने का चेतावनी पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 अगस्त। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को ग्रामीण आवास योजना में देरी पर चेतावनी दी है। केंद्र ने राज्य को पत्र भेजकर कहा है कि वो ग्रामीण आवास योजना को लागू करें, अन्यथा सहायता पर पुनर्विचार कर सकती है। दूसरी तरफ, राज्य सरकार ने अधूरे निर्माण को पूरा करने के लिए पहल की है, और करीब साढ़े 6 सौ करोड़ रुपये जारी करने जा रही है।

पंचायत मंत्री रविंद्र चौबे ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि उन्हें केंद्र सरकार के पत्र की जानकारी नहीं है, लेकिन राज्य सरकार ने ग्रामीण आवास योजना को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए अनुपूरक बजट में साढ़े 6 सौ करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। राशि जारी भी की जा रही है।

बताया गया कि प्रदेश के गांवों में 18 लाख आवास बनाए जाने थे। इनमें से 10 लाख स्वीकृत हुए। सूत्रों के मुताबिक 6 लाख आवास का निर्माण हो चुका है। सवा दो लाख आवास अधूरे हैं। बाकी नए निर्माण कार्य के लिए विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।  गौरतलब है कि सरकार के मंत्री टीएस सिंहदेव ने पंचायत विभाग के प्रभार से खुद को अलग किया था, और पद छोडऩे के पीछे आवास योजना के लिए राशि का आबंटन न होना भी एक प्रमुख कारण बताया था।

सीएम भूपेश बघेल ने सिंहदेव की जगह में पंचायत विभाग का प्रभार श्री चौबे को दिया है। इसके बाद से ग्रामीण आवास योजना को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में ठोस कदम भी उठाए गए हैं।

बताया गया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लिए केंद्र और राज्य खर्च को 60: 40 के अनुपात में साझा करते हैं। उत्तर-पूर्व में हिमालयी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों के मामले में, अनुपात 90:10 है। मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ सरकार से ग्रामीण आवास के कार्यान्वयन के लिए अपने लंबित राज्य हिस्से को जारी करने का आग्रह किया है। सूत्रों ने कहा कि पिछले साल जून, सितंबर और नवंबर में राज्य सरकार को पत्र भेजे गए थे।

केंद्र सरकार ने मुख्य सचिव को पिछले दिनों फिर से एक पत्र लिखा है। यह पत्र मुख्य सचिव को भेजा गया है, इसमें ग्रामीण आवास के लिए पर्याप्त धन प्रवाह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है ताकि राज्य के सभी पात्र लाभार्थी इस योजना के तहत कवर हो सकें। पत्र में यह कहा गया है कि अगर राज्य पीएमएवाई-जी के तहत अपना हिस्सा जारी नहीं करता है, तो केंद्र पीएमजीएसवाई और श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन जैसी दो प्रमुख योजनाओं के तहत अपना समर्थन बंद कर सकता है।

यह कहा गया कि बैठकों और संचार के बावजूद, छत्तीसगढ़ सरकार ने न तो संतोषजनक प्रगति दिखाई है और न ही 562 करोड़ रुपये के राज्य के हिस्से को जारी किया। बताया गया कि छत्तीसगढ़ एकमात्र ऐसा राज्य है जहां पिछले तीन-चार साल में इस योजना को समस्या का सामना करना पड़ा है। इसके पीछे राज्य सरकार ने कोरोना को एक प्रमुख वजह बताया था।


अन्य पोस्ट