रायपुर

जैविक खाद के उपयोग से मुलायम हो रही है खेत की मिट्टी
04-Aug-2022 6:22 PM
जैविक खाद के उपयोग से मुलायम हो रही है खेत की मिट्टी

किसानों ने माना खेतों की जुताई और रोपाई में हो रही आसानी  

रायपुर, 4 अगस्त। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने गुरुवार दोपहर  निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना के अंतर्गत राशि अंतरण कार्यक्रम के मौके पर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन विभाग के  अधिकारियों की बैठक लेकर योजना की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौठानों में गोबर से निर्मित वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों ने माना है कि जैविक खाद के उपयोग से खेती की मिट्टी मुलायम हो रही है। इससे चालू खरीफ सीजन में खेत की जुताई और धान की रोपाई में आसानी हो रही है। मुख्यमंत्री ने गौठानों में निर्मित जैविक खाद की गुणवत्ता को बनाए रखने के साथ ही अब गौ-मूत्र से बेहतर क्वालिटी का कीटनाशक तथा ग्रोथ प्रमोटर तैयार किए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ-मूत्र कीटनाशक ब्रम्हास्त्र और ग्रोथ प्रमोटर जीवामृत को किसानों के बीच प्रमोट करने के लिए कृषि विभाग द्वारा फसलांे में इसके उपयोग का जगह-जगह प्रदर्शन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री बघेल ने इस मौके पर गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 5 करोड़ 60 लाख रूपए की राशि ऑनलाईन जारी की, जिसमें गोबर विक्रेताओं को 02 करोड़ 17 लाख रुपए, स्व सहायता समूहों को 01 करोड़ 37 लाख रुपए और गौठान समितियों को 02 करोड़ 07 लाख रुपए की राशि शामिल है। 

इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री  मोहम्मद अकबर, मुख्यमंत्री के सलाहकार द्वय प्रदीप शर्मा एवं  राजेश तिवारी, मुख्य सचिव  अमिताभ जैन, एसीएस सुब्रत साहू, गोधन न्याय मिशन के एमडी डॉ. अयाज तम्बोली, उद्यानिकी संचालक  माथेश्वरी व्ही., संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं श्रीमती चंदन त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट