रायपुर

शुक्र- शनि- रविवार को तेज़ बारिश की भविष्यवाणी
04-Aug-2022 6:20 PM
शुक्र- शनि- रविवार को तेज़ बारिश की भविष्यवाणी

रायपुर, 4 अगस्त। सावन के इस महीने में पिछले 10 दिनों से बारिश नहीं हो रही। प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के साथ गर्मी और उमस बढ़ा रहे हैं। हालांकि  बुधवार शाम चार घंटे में राजधानी समेत  कई क्षेत्रों में बारिश हुई है। मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि अगस्त महीने में भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में सामान्य बारिश होगी। इस सप्ताह 6, 7 और 8 तारीख को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से भारी स्तर की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, मानसून द्रोणिका बीकानेर, शिवपुरी, जबलपुर, रायपुर, भुवनेश्वर, और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व- मध्य बंगाल की खाड़ी तक मध्य समुद्र तल पर स्थित है। 

एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। 
एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर पश्चिम और उससे लगे पश्चिम मध्य बंगाल के खाड़ी के ऊपर 7 अगस्त  को बनने की संभावना है। 

इससे पहले प्रदेश में कल  5 अगस्त को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी से अति भारी वर्षा होने तथा वज्रपात भी होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।


अन्य पोस्ट