रायपुर

राष्ट्रपति के अपमान पर भाजपा ने पूरे छत्तीसगढ़ में फूंके अधीर रंजन के पुतले
28-Jul-2022 8:42 PM
राष्ट्रपति के अपमान पर भाजपा ने पूरे छत्तीसगढ़ में फूंके  अधीर रंजन के पुतले

कांग्रेस को गरीब आदिवासी बर्दाश्त नहीं-विष्णुदेव

रायपुर, 28 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीररंजन द्वारा  राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी कहे जाने के विरोध में आज राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। बस्तर, सरगुजा, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग संभाग के जिला मुख्यालयों के साथ ही विभिन्न नगरों में कांग्रेस नेता के अपमान जनक संबोधन का जबर्दस्त विरोध किया।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव  साय ने कहा कि कांग्रेस को गरीब आदिवासी बर्दाश्त नहीं हैं।  गरीब विरोधी, आदिवासी विरोधी, संस्कार हीन कांग्रेस का असल चेहराअधीर रंजन के बयान में बेपर्दा हो गया है।

केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने  अधीर रंजन के बयान को कांग्रेस की अधीरता बताते हुए कहा है कि यह सब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंशा के मुताबिक हो रहा है। 

प्रदेश  प्रवक्ता एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता केदार कश्यप ने कहा कि  कांग्रेस ने हमेशा जनजाति समाज को छलने का काम किया है। वह जनजाति समाज को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती रही है और आज जनजाति समाज की बेटी को राष्ट्रपति बनाए जाने पर उसका असली चरित्र सामने आ गया है।


अन्य पोस्ट