रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 जुलाई। सावन में भगवान शिव की भक्ति के साथ ही पहला त्योहार हरेली 28 जुलाई को है। छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है जहां पर लोक परंपरा का पर्व हरेली त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है। आषाढ़ अमावस्या तिथि में किसान धान की बुआई पूरा कर लेते हैं। धान की बियासी का काम बचता है। हरेली त्योहार से तीज-त्योहारों की बहार शुरू होती है। इस दिन छत्तीसगढ़ के गांवों में हरेली पर किसान अपने घरों में खेती किसानी में उपयोग आने वाले उपकरण नागर,कोप्पर,गैती, रापा,कुदाली की साफ-सफाई कर जल से पवित्र करते हैं। गाय-बैलों की पूजा कर छत्तीसगढ़ी पकवान ठेठरी, खुरमी, चीला का भोग लगाते हैं। इस दिन गांवों में ग्राम देवता की पूजा जाती है। घर में बननने वाले पकवान चीला रोटी का भोग लगाया जाता हैं ताकि गांव को किसी तरह की बीमारी छू न सके। बच्चों बांस से बनी हुई गेड़ी की पूजा करते हैं फिर बच्चें टोलियां बनाकर गेड़ी दौड़ करते हैं।
ऐसा माना जाता है कि हरेली का त्योहार किसानों के लिए सुख समृद्धि लेकर आता है। गावों के लोग इसे बड़ी धूमधाम से मनाते है। इस वर्ष हरेली 28जुलाई को है। जिसके बाद प्रदेश में त्योहारों का सीजन शुरू हो जाता है। हरेली महोत्सव के पांचवे तिथि यानी 2अगस्त को नागपंचमी का उत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर माताएं-बहनें भोलेबाबा का अभिषेक पूजन कर शिव के सबसे प्रिय गण नागदेवता की पूजा कर दूध चढ़ाती हैं, ताकि घर-परिवार में सुख, शांति, समृद्धि बनी रहे।
बीते साल त्योहारों का सीजन फीका रहा। इस बार हरेली गांव शहर में इसकी धूम रहने वाली है। हरेली के दिन गांव में पशुपालन कार्य से जुड़े यादव समाज के लोग सुबह से ही सभी घरों में जाकर गाय , बैल और भैंसों को नमक और बगरंडा का पत्ता खिलाते हैं । हरेली के दिन गांव गांव में लोहारों की पूछपरख बढ़ जाती है । इस दिन गांव के लोहार हर घर के मुख्य द्वार पर नीम की पत्ती लगाकर और चौखट में कील ठोंककर आशीष देते हैं । मान्यता है कि ऐसा करने से उस घर में रहने वालों की अनिष्ट से रक्षा होती है। इसके बदले में किसान उन्हे दान स्वरूप स्वेच्छा से दाल , चावल, सब्जी और नगद राशि देते हैं । ग्रामीणों द्वारा घर के बाहर गोबर से बने चित्र बनाते हैं, जिससे वह उनकी रक्षा करे । छत्तीसगढ़ में तीज त्योहारों पर दान का बड़ा महत्व है लोग इस दिन अन्न का दान करते हैं। उनका मानना है कि दान करने से घर मे रखा आनाज का शुद्धिकरण हो जाता है।
हरेली के दिन गोधन न्याय योजना की हुई थी शुरूआत
दो साल पहले हरेली के दिन ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोधन न्याय योजना की शुरुआत की थी। इस योजना का देश के अनेक राज्यों द्वारा अनुसरण किया जा रहा है। इस बार हरेली 28 जुलाई से इस योजना में और विस्तार करते हुए अब गोबर के साथ-साथ गोमूत्र खरीदी करने की भी निर्णय लिया गया है ।