रायपुर
रायपुर, 27 जुलाई। कोरोना के बाद मंकीपॉक्स को लेकर देश-दुनिया में मची दहशत के बीच राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती में रहने वाले किशोर में वायरस के लक्षण नजर आए हैं। जांच कराए किशोर को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर अस्पताल में निगरानी में रखने के साथ सैंपल को जांच के लिए पुणे भेजा गया है।
जिला चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मीरा बघेल ने बताया कि 12 साल का किशोर लैब में जाँच कराने आया था। लक्षण देखते हुए डॉक्टर भीमराव अंबेडकर अस्पताल में रखा गया है। अभी संक्रमित होने की पुष्टि नही की जा सकता है, लक्ष्ण के आधार पर सैंपल को जाँच के लिए पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजा गया है। उनके साथ रहने वाले 18 बच्चों का भी सैंपल भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मंकीपॉक्स के होने या नहीं होने की पुष्टि हो पाएगी।
रायपुर के जैतू साव मठ के संस्कृत पाठशाला में अध्ययनरत बच्चे में मंकीपॉक्स के लक्षण नजर आने के बाद निगम भी गंभीर हो गया है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि नगर निगम ने मंदिर के बाहर दवाई का छिडक़ाव किया गया हैं, वहीं अगले 1 हफ्ते के लिए मंदिर को सील कर दिया गया हैं। मंदिर में 20 और भी छात्र हैं, जिन्हें आइसोलेट किया गया है।