रायपुर

एक ही प्रापर्टी का दो बार सौदा करके धोखाधड़ी
23-Jul-2022 5:17 PM
 एक ही प्रापर्टी का दो बार सौदा करके धोखाधड़ी

अम्लीडीह इलाके से जुड़े मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 जुलाई। शहर के अम्लीडीह इलाके में कीमती प्रापर्टी का दो बार सौदा कर एक युवक से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले मकान को 24 लाख रुपये में बेचने एक से सौदा किया। इसके बाद इसी मकान को तीसरे शख्स को भी 19 लाख रुपये में बेच दिया। पहले सौदेबाजी करने वाले पक्ष ने इस मामले में थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने बताया, राजीव गुप्ता निवासी खुशी वाटिका अम्लीडीह ने आशीष कुमार जैन पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। राजीव गुप्ता प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। आशीष ने खुशी वाटिका में एक मकान का सौदा करके फर्जीवाड़ा किया। कॉलोनी में आरोपी ने एक मकान को 24 लाख रुपये में बेचकर प्रार्थी को कब्जा दिलाया था। कब्जा दिलाने के कुछ दिनों बाद इसी मकान का किसी और से भी सौदा कर लिया। तीसरे पक्ष के नाम प्रापर्टी कर देने की गारंटी देते हुए उसने वहां भी करार कर लिया। इस तरह से आरोपी ने बेची गई प्रापर्टी को दोबारा साढ़े 19 लाख रुपये में बेचने फर्जीवाड़ा किया। राजीव से रुपये वसूल करने के बाद बेची गई जमीन को किसी और को बेच दिया। राजीव द्वारा अनुबंध की कापी व अन्य दस्तावेज थाना में जमा कराए जाने के बाद छानबीन करते हुए पुलिस ने आशीष जैन के खिलाफ में एफआईआर दर्ज किया।


अन्य पोस्ट