रायपुर
कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मंत्री-विधायक भी रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 जुलाई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी के पूछताछ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता नेताओं ने गुरूवार को ईडी दफ्तर का घेराव किया। इस मौके पर सीएम भूपेश बघेल ने ईडी अफसरों को चेतावनी दी कि वो जन सेवा करे, राजनीति न करे। उन्होंने भाजपा नेताओं के यहां भी छापे डालने की चुनौती दी, और कहा कि इससे पता चल जाएगा कि कौन कितने पानी में है।
सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा कहा कि सोनिया गांधी अकेली नहीं पूरे प्रदेश की जनता आज उनके साथ है। केंद्र में मोदी सरकार की सोची समझी साजिश है, जो आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की विधवा और देश के आयरन वू-मेन कहे जाने वाली इंदिरा गांधी की बहू सोनिया गांधी पर जानबूझकर ईडी का दबाव बनाया जा रहा है।
बघेल ने कहा कि सोनिया गांधी पर नेशनल हेराल्ड का आरोप लगाया है। भाजपा बताए कि अपने संगठन को बचाने और अखबारों को जीवित रखने के लिए दिया गया सहयोग कौन सा अपराध है? नेशनल हेराल्ड को कांग्रेस के राजनेताओं ने शुरू किया था। उस समय देश की परिस्थिति को देखकर जनकल्याण का फैसला था कर्मचारियों के वेतन, आवास, भत्ता के लिए 90 करोड़ दिया गया था। कांग्रेस ने हमेशा सही विचारधारा को बचाने का काम किया हैं। अपने विचारधारा के संगठनों को बचाने पैसा दिया,भाजपा इसे मनी लॉड्रिंग का नाम देकर ईडी और सीबीआई को बैठाकर कांग्रेस के नेताओं को परेशान करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में संविधान लागू किया, अपराध रोकने ईडी, सीबीआई की स्थापना की थी। आज वही ईडी केंद्र सरकार के इशारों पर नाच रही हैं। जहां भाजपा की सरकार नहीं वहां ईडी और सीबीआई के दफ्तर खोले जाते हैं। गांजा और चोरी के लिए सीबीआई भेजा जाता है। ईडी को अगर पूछताछ करनी है तो पहले रमन सिंह से करे उसके नान घोटाले कर ईडी क्यों कुछ नही कहती। ईडी बताए कि सीएम साब और मेडम कौन है, इसका खुलासा अब तक क्यों नहीं?
सीएम ने कहा ईडी भाजपा शासित राज्यों में भी पूछताछ करें भाजपा नेताओं के घरों में छापेमारी करें पता चल जायेगा कौन कितने पानी में है। ईडी सरकारी तंत्र है, तो जन सेवा करें राजनीति न करंे। सभा को मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी संबोधित किया।