रायपुर

सुप्रीम कोर्ट का आदेश, फरार महिला आरोपी थाना में देनी होगी हाजिरी
21-Jul-2022 7:26 PM
सुप्रीम कोर्ट का आदेश, फरार महिला आरोपी थाना में देनी होगी हाजिरी

पोस्ट ऑफिस घोटाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 जुलाई। बहुचर्चित पोस्ट आफिस घोटाले में फरार आरोपिया आकांक्षा पांडे के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा निर्देश जारी करते हुए थाना पुलिस के पास उपस्थित होने को कहा है। आकांक्षा पांडे के फरार रहने के दौरान कुछ समय पहले रायपुर पुलिस ने उसे वांटेड लिस्ट में शामिल करते हुए 20 हजार रुपये ईनाम राशि की घोषणा की थी। अब कोर्ट ने आकांक्षा पांडे को थाना पहुंचकर पुलिस जांच में सहयोग करने आदेश जारी कर दिया है। कोटा सरस्वती नगर थाना टीआई श्रृति सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आकांक्षा पांडे की याचिका पर ही कोर्ट ने सुनवाई की है। हालांकि कोर्ट के आदेशानुसार अभी आकांक्षा की गिरफ्तारी पर रोक लगाई गई है लेकिन विवेचना के लिए आकांक्षा को पूरा सहयोग करने कहा गया है।  सुप्रीम कोर्ट ने आकांक्षा को 21 दिन लगातार थाने में जांच अधिकारी के सामने उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को टीआई ने आदेश की कॉपी मिलने की पुष्टि की है। हालांकि आदेश जारी होने के दो से तीन दिन बाद भी आकांक्षा थाने नहीं पहुंची है। पुलिस ने जल्द संपर्क कर कोर्ट के निर्देशों का पालन करने की बात कही है। आकांक्षा बड़े घोटाले के बाद से फरार है। 12 महीने बाद भी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पोस्ट आफिस में फर्जी खाते खुलवाकर करीब बीस करोड़ रुपये के फर्जीवाड़ा करने का मामला पिछले साल जुलाई महीने में सामने आया था। इसके बाद थाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था।


अन्य पोस्ट