रायपुर

छत्तीसगढ़ में ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान में होगी जन-जन की भागीदारी: सीएम बघेल
17-Jul-2022 7:02 PM
छत्तीसगढ़ में ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान में होगी जन-जन की भागीदारी: सीएम  बघेल

रायपुर, 17 जुलाई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की अध्यक्षता में ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान आयोजित किया जा रहा है, इस अभियान में 13 से 15 अगस्त तक हर घर, शासकीय-निजी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, अर्धशासकीय कार्यालयों, व्यावसायिक, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, गैर सरकारी संगठनों के कार्यालयों में तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बैठक में इस अभियान के लिए छत्तीसगढ़ में की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के संबंध में शासकीय स्तर पर बैठक आयोजित की जा चुकी है, भारत सरकार द्वारा जो निर्देश दिए गए हैं, उनके आधार पर प्रदेश में तैयारियां की जा रही हैं।  खादी ग्रामोद्योग एवं हाथ करघा विभाग, स्थानीय स्व-सहायता समूहों के माध्यम से तिरंगा का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे उन्हें और स्थानीय दर्जियों को रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 60 लाख परिवार हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेवार लक्ष्य तय कर कार्ययोजना बनाई गई है।


अन्य पोस्ट