रायपुर

द्रौपदी मुर्मू से मिले भाजपा, जोगी कांग्रेस और बसपा विधायक, कांग्रेस रही दूर
15-Jul-2022 5:50 PM
 द्रौपदी मुर्मू से मिले भाजपा, जोगी कांग्रेस और बसपा विधायक, कांग्रेस रही दूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 जुलाई। भाजपा नीत एनडीए की ओर से  राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू दो घंटे देर से रायपुर पहुंची। एयरपोर्ट पर आदिवासी नर्तक दलों ने नृत्य के साथ उनका स्वागत किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत के लिए एयरपोर्ट के बाहर मंच बनाया गया था। एयरपोर्ट के भीतर उनके  स्वागत में डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद सरोज पाण्डेय, सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल,  प्रदेश अध्यक्ष विष्णु साय, नंदकुमार साय समेत सभी भाजपा नेता शामिल हैं। वह छत्तीसगढ़ के सांसद, विधायकों से  समर्थन मांगने आईं हैं। द्रोपदी मुर्मू एयरपोर्ट से ठाकरे परिसर जाकर रानी दुर्गावती प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात वे छत्तीसगढ़ के सांसदों तथा विधायकों  से बेबिलोन इंटरनेशनल होटल मे मुलाकात की। जोगी कांग्रेस से रेणु जोगी, अमित जोगी, धर्मजीत सिंह और बसपा के विधायक केशव चंद्रा, और इंदू बंजारे ने भी होटल में मुलाकात कर अपना समर्थन जताया। मुर्मू से पूर्व मंत्री अरविंद नेताम, सोहन पोटाई, रामविचार नेताम, ब्रम्हकुमारी संस्थान की बहनें भी मिली।  इस मुलाकात के बाद द्रौपदी मुर्मू दोपहर तीन बजे भोपाल रवाना हुई। द्रौपदी मुर्मू के साथ केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे भी सहचर हैं। कांग्रेस, ने यशवंत सिन्हा के पक्ष में वोटिंग करने की घोषणा की है। इसलिए मुर्मू से मुलाकात के लिए कोई भी विधायक नहीं पहुंचा। मतदान 18 जुलाई को होना है।


अन्य पोस्ट