रायपुर

गुढिय़ारी में फिर चाकूबाजी, घायल युवक की मौत, दो गिरफ्तार
14-Jul-2022 6:49 PM
गुढिय़ारी में फिर चाकूबाजी, घायल युवक की मौत, दो गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 जुलाई। गुढिय़ारी में मामूली बात को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई । जानकारी के मुताबिक गाड़ी चलाने की बात को लेकर मृतक का दो युवकों से विवाद हुआ। इस पर आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार दोपहर 2 बजे गुढिय़ारी  के अम्बेडकर चौक के पास की है। यहां मृतक अकरम खान का किराने की दुकान है। अकरम खान दुकान पर बैठा था तभी आरोपी रवि राव और खिलेश्वर उर्फ गोलू गाड़ी चलाने की बात को लेकर मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने अकरम खान के जांघ और सीने पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अकरम खान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान अकरम खान की मौत हो गई है।

गुढिय़ारी थाना प्रभारी बृजेश कुशवाहा ने बताया कि कल मामूली बात को लेकर दो लोगों ने एक युवक पर चाकू से जान लेवा हमला कर दिया। घायल युवक अकरम खान का अस्पताल में इलाज चल रहा था जहाँ गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई है। मामले में दोनों आरोपी रवि राव और खिलेश्वर उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट