रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जुलाई। चाकू की नोंक पर डरा धमकाकर लूटने वाले 02 लडक़ों को मंदिर हसौद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से मोटरसाइकिल, दो मोबाइल और नगदी जब्त किया गया है। इनमें एक मुंगसेर और दूसरा कांपा मोवा निवासी है।
मिली जानकारी अनुसार प्रार्थी मोंटी डहरिया अपने साथी विवेक डोनोडे एवं अभिषेक साहू के साथ मंदिर हसौद स्थित एक फ्लैक्स कंपनी में काम करता है। 10 जुलाई को मोंटी एवं उसके दोनों साथियों को कंपनी के ठेकेदार द्वारा काम करने के एवज में 5000-5000 रूपये दिया गया था। पैसा लेने के पश्चात् तीनों साथी कौशल्या माता मंदिर, चंदखूरी दर्शन करने अपने मोटर सायकल में गये थे। शाम करीबन 05.30 बजे तीनों घर वापस जा रहे थे। ग्राम जावा भांठा पास पहुंचकर कुछ समय के लिए रूके थे। इसी दौरान मोटर सवार सवार दो लडक़े आकर अपने पास रखे चाकू डरा धमकाकर मारपीट करते हुए उनके पास रखे नगदी तथा 2 नग मोबाईल फोन को लूट कर फरार हो गये। जिस पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना मंदिर हसौद में धारा 394 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने मोंटी व उसके साथियों सहित आस-पास के लोगों से विस्तृत पूछताछ कर घटना स्थल का बारिकी से निरीक्षण किया। घटना स्थल व उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन और मुखबीर भी लगाया। इसी दौरान टीम के सदस्यों को आरोपियों द्वारा घटना में उपयोग किये गये वाहन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई तथा प्रकरण में संलिप्त आरोपी झुमुक वर्मा एवं सुनील वर्मा को पकडक़र घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा लूट की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से लूट की नगदी रकम 11,000/- रूपये, 02 नग मोबाईल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन एवं 01 नग चाकू को जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई।