रायपुर
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,4 जुलाई। विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्ढू इलाके में एक युवक को कार में अगवा कर उसे चाकू मारने का मामला सामने आया है। यह घटना पिछले एक तारीख की है जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में एक निगरानी बदमाश का भी हाथ है जिसे पुलिस अभी तक नहीं पकड़ सकी है। परिजनों का आरोप है यासिन नामक पुराने हिस्ट्रीशीटर को थाना से संरक्षण मिलने के बाद वह चकमा देकर फरार है। उसके साथ तीन और लोग भी शामलि हैं जिन पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इधर पुलिस का दावा है, मारपीट की प्राथमिक सूचना मिलने पर ही अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया था। मेडिकल मुलाहिजा रिपोर्ट आने और फिर युवक को कार में अगवा करने के सबूत मिलने के बाद अपहरण के नए केस में अपराध पंजीबद्ध की कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक निगरानी बदमाश यासिन के कहने पर मुकेश बंजारे, सचिन निषाद और उनके लोगों ने परमेश्वर धीवर को अगवा कर उसके साथ मारपीट की। परमेश्वर 1 जुलाई को अपने मामा के यहां जाने घर से निकला था। इसी दौरान सडक़ पर कुछ विवाद हो जाने पर यासिन और उसके गुर्गों ने परमेश्वर को कार में अगवा कर लिया। सभी कार में बंधक बनाकर उसे पिटते रहे। सुबह होने के पहले जिस जगह से उठाया था वहां लाकर परमेश्वर को अधमरा छोड़ दिया। परमेश्वर के घरवालों ने जब इस मामले की सूचना थाने में दी तभी पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज किया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अगवा कर चाकू से हमला करने की रिपोर्ट पर गंभीरता नहीं दिखाई। हल्की धाराओं में केस दर्ज किया। यहां तक की निगरानी बदमाश के घटना में शामिल होने की जानकारी देने पर भी खोजबीन नहीं की। आखिर मुख्य आरोपी के साथ उसके तीन गुर्गे भाग निकले। विधानसभा टीआई संजीव मिश्रा का कहना है जिस रोज घटना के बारे में सूचना मिली तत्काल आरोपियों पर एफआईआर किया। बाद में सबूत मिलने पर और धाराएं अलग से लगाते हुए कार्रवाई की। दो आरोपी मुकेश बंजारे और सचिन निषाद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब बाकी फरार रहने वाले चार आरोपियों की खोजबीन कर रहे हैं। बता दें इस मामले में सीसीटीवी फुटेज मिला है जिसमें आरोपी प्रार्थी को कार में अगवा करते दिख रहे हैं। प्रार्थी के पैर और शरीर के कई हिस्सों में धारदार नुकीले चाकू से चोट पहुंचाया गया है।