रायपुर

राष्ट्रपति चुनाव : मैसूर में बनी अल्ट्रावाइलेट पैन से होगा मतदान
03-Jul-2022 5:38 PM
राष्ट्रपति चुनाव : मैसूर में बनी अल्ट्रावाइलेट पैन से होगा मतदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जुलाई। राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीद्वारों के नाम तय होते ही कवायद तेज हो गई है। चुनाव के लिए मतपत्र और अन्य मतदान सामग्री 12-13 जुलाई को यहां पहुंचेगी। इसे विशेष विमन से लाया जा रहा है।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को देशभर में एक साथ होगा। छत्तीसगढ़ में मतदान विधानसभा के समिति कक्ष में कराया जाएगा। इसके लिए मतदान सामग्री 12-13 जुलाई को पहुंचेगी। इसमें मतपत्र, मतपेटी और अन्य सामान होंगे। अन्य सामानों में मतदान के साथ में राइट का निशान लगाने के लिए अल्ट्रावायलेट स्याही युक्त पेन होगा। इसमें स्याही बैंगनी रंग की होगी। विधायक-सांसदों को इसी पेन से मतपत्र में अपनी पसंद प्रत्याशी के नाम के आगे 1 या 2 नंबर लिखना होगा। ये नंबर इंग्लिश, हिन्दी और रोमन अंकों में लिखा होगा। शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। इसके अलावा किसी दूसरे पने इस्तेमाल करने से वोट रद्द हो जाएगा। मतदाता अपने पेन से केवल वोटर लिस्ट में हस्ताक्षर कर सकेंगे।

छत्तीसगढ़ से भी एक नामांकन

16वें राष्ट्रपति बनने के लिए पूरं देशभर से 114 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें छत्तीसगढ़ के डोंगरगांव से रामजी लाल खांडे का भी नाम शामिल है। इनका नामांकन रद्द हो गया है। इस चुनाव में सर्वाधिक महाराष्ट्र और दक्षिण के राज्यों के लोगों ने पर्चे भरे थे जो निरस्त हो गए। पर्चों की जांच के बाद द्रौपदी मुर्मू और यशवंत सिन्हा के ही वैध पाए गए। यानी सीधा मुकाबला होगा।


अन्य पोस्ट