रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 जून। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इन्द्र कुमार सिंह चंदापुरी ने आज यहां कहा देश में पिछड़ा वर्ग की समस्याएं बहुसंख्यक है। यह राष्ट्र के पुनर्निमाण के लिए भी समस्या है। इसके समाधान के लिए संघ 14 सूत्रीय मांगों का एक प्रस्ताव प्रधानमंत्री को भेजकर देशभर में लागू करने की मांग करेगा। उन्होंने कहा बिहार की तरह छत्तीसगढ़ में भी सीएम भूपेश बघेल पिछड़े वर्गों की जाति जनगणना शुरू कराए। उन्होंने कहा जातिगत जनगणना की टाल मटोल नीति का खामियाजा इन वर्गों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा आज भी सरकार की सभी तरह की नौकरियों पदोन्नति और स्कूल कॉलेज में दाखिले व छात्र वित्तियों में पिछड़े वर्गों को कुचला जा रहा है। चंदापुरी ने बताया कि संघ का राष्ट्रीय अधिवेशन जल्द ही रायपुर में आयोजित किया जाएगा। प्रेस क्लब में हुई पत्रकारवार्ता में संघ के छत्तीसगढ़ संयोजक शत्रुघन सिंह साहू महासचिव डीपी साहू, प्रदेश अध्यक्ष हरीश सिन्हा, कोषाध्यक्ष नोहर लाल साहू, टिकेश्वर साहू, शैलेन्द्र साहू, चंद्रकांत वर्मा, कृष्णा जैन उपस्थित थे।