रायपुर

अड्डेबाजी अभियान में फंसे चाकूबाज, पुराने हिस्ट्रीशीटरों की हाजिरी
16-Jun-2022 5:17 PM
अड्डेबाजी अभियान में फंसे चाकूबाज, पुराने हिस्ट्रीशीटरों की हाजिरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 जून। शहर में चाकूबाजी के बढ़ते मामलों के बीच एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने थानों में पुराने हिस्ट्रीशीटरों की हाजिरी लगाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम देने वाले अड्डेबाजों पर सख्त कार्रवाई के लिए निर्देश जारी कर दिया है।
इसी कड़ी में अब थाना पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में है। बुधवार को भी शहर के अलग-अलग थानों में विशेष अभियान चलाया गया। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने जबरन संदिग्ध ठिकानों में जमावड़ा बनाने वालों पर जुर्माना कार्रवाई की। यही नहीं पुराने हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर उनकी हाजिरी दर्ज कराई, वहीं आजाद चौक थाना पुलिस ने दो पुराने बदमाशों को चाकू के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया, आरोपी पुरोहित उर्फ दादू डोंगरे और नवाब खान को अलग-अलग जगहों से हिरासत में लेकर तलाशी ली इनके पास से धारदार चाकू बरामद हुए। थाने में उनके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत में कार्रवाई की गई।

आरोपी दादू अग्रसेन चौक के पास मिला। उसके खिलाफ में लोगों ने आतंक फैलाने की सूचना दी। धारदार चाकू लेकर लोगों से धमकी चमकी करने की शिकायत मिलने पर आरोपी को तत्काल हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से बटनदार चाकू बरामद हुए। ईदगाहभाठा क्षेत्र से शाम के वक्त नवाब खान को पकड़ा गया। राहगीरों ने सूचना दी थी कि एक व्यक्ति द्वारा हाथ मे धारदार चाकू लेकर लहराते हुए लोगों को डरा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम को रवाना किया। ईदगाहभाठा के करीब नवाब को हिरासत में लेकर उसके पास से भी बटनदार चाकू बरामद किया गया।

नेेहरू नगर में चलाया चाकू
पुरानी रंजीश के मामले में एक बदमाश ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। जांघ में हमला कर चोट पहुंचाया। इसके पहले उसे पुलिस गिरफ्तार करती आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया आरोपी का नाम शिवा रगड़े है। उसने अपने परिचित घनश्याम सेन को जख्मी कर दिया। पुरानी बात पर झगड़ा होने से चाकू निकालकर हमला किया।

भाई से विवाद में युवक जख्मी
टिकरापारा के कृष्णा नगर में भाई से विवाद करने वाले युवक को रोकने पहुंचे एक शख्स पर हसिया से हमला हुआ। झगड़ा करने वाले गौरव गौतम नामक युवक ने हसिया से हमला कर प्रकाश कुमार सिंह को घायल कर दिया। इस मामले में शिकायत होने पर पुलिस ने जुर्म दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट