रायपुर
रायपुर, 13 जून। भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की द्वादश यात्राओं में एक स्नान यात्रा 14 जून को विधि विधान के साथ संपन्न होगी। ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन विग्रहों की पवित्र स्नान यात्रा अनुष्ठित होती है। प्रात: काल में मंगलार्पण के उपरांत विग्रहो को डोर लगाने के बाद घण्टा, काहाल और छत्री सहित स्नान मंडप के लिए यात्रा शुरू हो जाती है।
गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के संस्थापक अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक स्नान यात्रा होगी। देवी शीतला के सामने होने वाले सुना कुअ नाम के कुप से 108 कलशों के अभिमंत्रित जल से स्नान होगा। स्नानवेदी पर विराजमान श्री विग्रहों को हाथीवेश से अंलकृत किया जाता है। स्नान पूर्णिमा से आषाढ़ अमावस्या तक श्री विग्रह अणसर में रहते है। 30 जून को जगन्नाथ का नेत्र उत्सव तथा 1 जुलाई को रथ यात्रा मनाया जाएगा।