रायपुर

राज्यसभा के लिए अधिसूचना कल, भाजपा नहीं लड़ेगी चुनाव, कांग्रेस के दोनों निर्विरोध चुने जाएंगे
23-May-2022 7:15 PM
राज्यसभा के लिए अधिसूचना कल, भाजपा नहीं लड़ेगी चुनाव, कांग्रेस के दोनों निर्विरोध चुने जाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,  23 मई। राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी होगी।  प्रदेश की दो सीटों के लिए भाजपा प्रत्याशी नहीं उतारेगी। यानी दोनों सीटों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस संभवत: 27 तारीख को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर देगी।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिले की प्रक्रिया कल से शुरू होगी। 29 तारीख तक नामांकन दाखिल किये जा सकेंगे। विधानसभा सदस्यों की संख्याबल के आधार पर दोनों ही सीट कांग्रेस की झोली में जाना तय है। भाजपा ने चुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला लिया है। ऐसे में प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन तय है।

कांग्रेस से प्रत्याशियों के नाम को लेकर चर्चा है। इस सिलसिले में खनिज निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, सीएम के सलाहकार विनोद वर्मा का नाम प्रमुखता से उभरा है। एक सीट से पार्टी के किसी राष्ट्रीय नेता को भेजा जा सकता है। इसके लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, और विवेक तन्खा का नाम चर्चा में है। पार्टी के कई नेताओं का मानना है कि इन सबसे अलग चौकाने वाले नाम भी आ सकते हैं। बहरहाल, प्रत्याशी की घोषणा संभवत: 27 तारीख को हो सकती है।


अन्य पोस्ट