रायपुर

बरवाडीह चिरमिरी रेल लाइन के सर्वे को मंजूरी, 4.55 करोड़ खर्च होंगे
14-May-2022 7:52 PM
बरवाडीह चिरमिरी रेल लाइन के सर्वे को मंजूरी, 4.55 करोड़ खर्च होंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मई। रेलवे बोर्ड ने सरगुजा क्षेत्र की महत्वाकांक्षी बरवाडीह चिरमिरी रेल लाइन के सर्वेक्षण को मंजूरी दे दी है। बोर्ड के प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग डायरेक्टर पंकज कुमार ने बिलासपुर जोन महाप्रबंधक को एक पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। इसके मुताबिक बरवाडीह से चिरमिरी के बीच 182 किमी लंबी रेललाइन बिछायी जानी है। इसके लिए राजस्व, वन भूमि के साथ-साथ निजी भूमि का भी अधिग्रहण होना है। इसके लिए रेलवे बोर्ड फारेस्ट लैंड सर्वे कराने का फैसला किया है।

इस सर्वे के जरिए यह आंकलन किया जाएगा कि इस रेल लाइन के निर्माण में कुल कितनी वन भूमि के अधिग्रहण की जरूरत होगी। इस सर्वे के लिए बोर्ड 4.55 करोड़ रूपए खर्च करेगा। रेलवे बोर्ड ने बीते 17 मार्च को इस सर्वे की मंजूरी दी है। इस रेललाइन के निर्माण से छत्तीसगढ़ का यह उत्तरी हिस्सा बिहार के पलामू जिले से जुड़ जाएगा। इससे न केवल दोनों राज्यों की बड़ी आबादी को परिवहन की सुविधा मिलेगी बल्कि इन इलाकों में उपलब्ध कोयले की खदानों को भी फायदा होगा।

सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों पलाम के सांसद वीडी राम ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा की थी। इसमें उन्होंने बताया था कि अभी सर्वे का निर्णय लिया गया है। सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों पलाम के सांसद वीडी राम ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा की थी। इसमें उन्होंने बताया था कि अभी सर्वे का निर्णय लिया गया है।

एक नजर में रेल लाइन अब तक

  • वर्ष 1935-36 में जबलपुर-रांची को जोड़ देने की योजना ब्रिटिश सेना ने बनाई थी और तब आंकलन यह था कि कोलकाता और मुंबई के बीच दूरी 400 किमी कम होगी।
  • प्रारंभ में बरवाडीह से कुटकू, भंडरिया, बरगढ़ होते हुए बलरामपुर के सरनाडीह तक प्राथमिक स्तर पर काम प्रारंभ कर दिया गया था। बरगढ़ से भंडरिया, कुटकू तक रेल पातें बिछाने और पुलों के गर्डर लगा दिए गए थे। स्टेशनों में क्वाटर्स आदि काम प्रारंभ कर दिए गए थे, लेकिन 1946 में काम बंद कर दिया गया।
  • 1960 में रेलमंत्री जगजीवन राम अंबिकापुर आए तो पुरजोर मांग उठी, इसके फलस्वरूप चिरमिरी की ओर से करंजी-बिश्रामपुर तक, चिरमिरी-बरवाडीह लाइन का काम 1960 से 1962 तक किया गया
  • वर्ष 2006 में एक लंबे जनसंघर्ष के परिणामस्वरूप बिश्रामपुर से रेल लाइन का विस्तार अंबिकापुर तक किया गया।
  • वर्ष 2013 में पहली बार अंबिकापुर-बरवाडीह 182 किलोमीटर रेल लाइन की स्वीकृति केंद्र की मनमोहन सिंह की सरकार ने सैद्धांतिक रूप से दी और एक रुपए टोकन मनी के रूप में दिया।
  • वर्ष 2015 में मोदी सरकार में तत्कालीन रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने अंबिकापुर-बरवाडीह रेल लाइन की पुन: स्वीकृत कर टोकन मनी के रूप में केवल 5 करोड़ रुपए दिए।  फरवरी 2016 में रेल मंत्रालय व राज्य सरकार ने एमओयू किया।

अन्य पोस्ट