रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 मई। सरस्वती नगर में एक बार फिर से झपट्टा मारकर एक व्यक्ति से मोबाइल लूटकर शातिर फरार हो गए। घर से टहलने के लिए प्रार्थी के निकलने के बाद पीछे से हमला बोला। इसके पहले भी एक टीचर के हाथ से झपट्टा मारकर मोबाइल लूटा गया था, पुलिस गिरोह का सुराग नहीं जुटा पाई। दोबारा से शातिरों ने धावा बोला।
शनिवार को पुलिस ने आनंद कुमार पटेल निवासी एनआईटी की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज किया। बताया गया आनंद रोज की तरह कैंपस से शाम छह बजे टहलने के लिए निकले थे। कोटा रोड में पहुंचने के बाद पीछे से कुछ अज्ञात लोगों ने हमला बोल दिया। स्कूटी सवार दो युवकों ने सीधे झपट्टा मारा और फिर हाथ में रखे मोबाइल फोन को लूट लिया। इसके पहले शोर मचा पाते कि आरोपी तुरंत मौके से भाग निकले। इस मामले में प्रार्थी के थाना आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया।