रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 मई। संभाग के नए आईजी ओपी पाल के कौंबिंग गश्त अभियान तेज करने के फरमान के बीच पुलिस ने बस स्टैंड और दूसरे राज्यों से लौटने वाली बसों में जांच पड़ताल तेज की है। इसी कड़ी में शनिवार को बस स्टैंड में वर्दीवालों ने डेरा जमाया। यहां दूसरे जिलों से आने वाली बसों में यात्रियों के बीच जाकर छानबीन की, जबकि बस स्टैंड में संदिग्ध ठिकाने बताए जाने के बाद वहां भी जाकर जांच पड़ताल की। एसएसपी प्रशांत अग्रवाल के सख्त निर्देश के बाद थानेदारों ने चेकिंग पाइंटों में सुरक्षा जवान तैनात कर यात्री बसों की जांच की। गांजा और फिर दूसरे तरह की नशीली दवाओं की तस्करी बढऩे की वजह से भी वांछित गिरोह की छानबीन करने के लिए पुलिस वालों ने घेरा जमाया। बसों के माध्यम से गांजा तस्करी करने वालों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के रायपुर आने के संबंध में रायपुर पुलिस को सूचनाएं प्राप्त हो रहीं थीं।
एक बस में मिला गांजा
चेकिंग के दौरान ओडिशा से आने वाली एक यात्री बस से पुलिस ने गांजा बरामद किया गया है। पार्सल को लावारिस हालत में जब्त किया। तौल कराने पर गांजा पार्सल दो किलो का बताया गया। कारोबारियों के संदिग्ध गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कारोबारियों के पास लाखों रुपये के नगदी होने के साथ महंगे जेवरात बरामद हुए। हालांकि जब उन्होंने दस्तावेज पेश किया, तब उन्हें रिहा कर दिया गया।
सुबह आने वाली बसों में घुसे जवान
शनिवार को जब बसों की जांच के लिए फरमान जारी हुआ तभी वर्दीवालों ने साढ़े पांच बजे ही बेरियर और दूसरे बस स्टॉपेज में पहरेदारी जमाई। नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्तीराजेश चौधरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी टिकरापाराअमित बेरिया, थाना प्रभारी तेलीबांधा सोनल ग्वाला सहित थानों एवं रक्षित केन्द्र के पुलिस बलों व डॉग स्क्वाड की टीम द्वारा बस स्टैंड में संदिग्ध लोगों की पतासाजी करने के लिए अभियान चलाया गया। लगभग 60 - 65 बसों की चेकिंग करने के साथ ही संदिग्ध यात्रियों एवं यात्रियों के सामानों को भी चेक किया गया।