रायपुर

पम्प से पानी खींच रहे तीन लोगों पर कार्रवाई, पम्प जब्त
22-Apr-2022 6:40 PM
पम्प से पानी खींच रहे तीन लोगों पर कार्रवाई, पम्प जब्त

छत्तीसगढ़ संवाददाता

 रायपुर, 22अप्रैल। निगम के जोन चार के जल विभाग के अधिकारियों ने छापामार कार्यवाही की है। इस दौरान नलों में पंप लगाकर पानी खींच रहे तीन लोगों पर कार्रवाई करते हुए पम्प जब्त किया।

महापौर एजाज ढेबर ने सभी 10 जोनों के जल विभाग की टीमों द्वारा गर्मी के दौरान नगर की सभी पानी टंकियों के टेल एन्ड तक नागरिकों के घरों में पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए वार्डों में जोन कमिश्नरों द्वारा जल विभाग के अभियंताओं के साथ आकस्मिक निरीक्षण और जाँच का अभियान जारी है। इस क्रम में  नगर निगम जोन क्रमांक 4 के जल विभाग की टीम द्वारा जोन कमिश्नर  विनय मिश्रा  के निर्देश पर कार्यपालन अभियन्ता  लोकेश चंद्रवंशी, उप अभियंता गोपाल प्रधान और सम्बंधित जोन 4 के जल विभाग के कर्मचारियों द्वारा ब्राम्हणपारा वार्ड क्रमांक 44 के धोबी गली में छापामार कार्यवाही कर 3 घरों में सीधे नल में टुल्लू पम्प लगाकर पानी खींचा जाना पाया गया जिसपर तत्काल टुल्लू पम्प का कनेक्शन काटकर सभी 3 टुल्लू पम्प जप्त कर लिये गये। टेल एन्ड तक सुगम जलापूर्ति सुनिश्चित की गयी। इसके साथ ही भविष्य के लिये सम्बंधित लोगों को पुनरावृति करने पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही करने की चेतावनी जोन 4 के जोन कमिश्नर और जोन कार्यपालन अभियन्ता द्वारा दी गयी।

गर्मी के दौरान सभी पानी टंकियों के टेल एन्ड तक प्रेशर के साथ सभी घरों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने छापामार कार्यवाही सभी जोनों के जल विभाग की टीमों द्वारा आगे भी निरन्तरता से जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट