रायपुर
रायपुर, 18 अप्रैल। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने राजभवन में एन.आई.सी छत्तीसगढ़ की वार्षिक पुस्तिका ‘‘डिजिटल पाथवे‘‘ का विमोचन किया।
उइके ने एनआईसी की महानिदेशक डॉ. नीता वर्मा एवं एनआईसी छत्तीसगढ़ के समस्त कर्मचारियों को वार्षिक पुस्तिका के विमोचन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सुश्री उइके ने एनआईसी की महानिदेशक से राजभवन सचिवालय को भी पूरी तरह से ई-आफिस में तब्दील कर पेपरलेस करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे खर्चे में भी कमी आयेगी और समय की भी बचत होगी। इसके अलावा उन्होंने इंटरनेट की स्पीड भी तेज होने और राज्य के सुदूर क्षेत्रों में ई-आफिस को स्थानीय भाषा में होने की भी अनिवार्यता बताई। ताकि दूरस्थ अंचल के छात्रों को फायदा मिल सके। साथ ही सुश्री उइके ने देश के विभिन्न सरकारी विभागों को डिजिटल प्लेटफार्म उपलब्ध कराने में प्राप्त पुरस्कारों के लिए एनआईसी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एनआईसी के उप महानिदेशक संजय कपूर, उप महानिदेशक एवं राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी छत्तीसगढ़ डॉ. अशोक कुमार होता, विधिक सलाहकार आर.के. अग्रवाल, उप सचिव दीपक कुमार अग्रवाल उपस्थित थे।