रायपुर

बाल श्रमिक छुड़ाने होटल-ढाबों में दबिश, घर वाले पहुंचे आश्रय गृह
15-Apr-2022 4:57 PM
बाल श्रमिक छुड़ाने होटल-ढाबों में दबिश, घर वाले पहुंचे आश्रय गृह

महिला एवं बाल विकास की टीम का अभियान

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 15 अप्रैल।
शहर में बाल श्रमिकों को कार्य स्थल से मुक्त कराने के लिए जिला महिला एवं बाल विकास की टीम ने अभियान छेड़ा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को नौ बच्चे अलग-अलग जगहों से काम करने के दौरान वहां से छुड़ाए गए। बच्चों को जल विहार कॉलोनी स्थित बाल आश्रय गृह लाया गया तब उनके परिजन भी वहां पहुंचे।

शुक्रवार को कुछ परिजनों ने बच्चों से मिलने में रोक टोक करने के आरोप लगाए। हालांकि महिला एवं बाल विकास टीम से अफसरों ने बताया कि जिन लोगों ने बच्चों को काम पर रखा था। वहां खुद कांटेक्ट नंबर छोड़ आए थे ताकि उनके परिजनों का पता चल सके। परिजनों के आने के बाद बच्चों को उन्हें सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू की। अफसरों ने बताया, शहर में दस दिनों के लिए बाल श्रमिक खोजने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान रविवार तक जारी रहेगा। होटल, ढाबों और दूसरे कार्य स्थलों में बच्चों से काम लेने वालों के खिलाफ में विभाग की तरफ से कार्रवाई की जाएगी। शहर में पहले ही बच्चों को बाहर से लाकर उनसे भीख मंगवाने की शिकायतें मिली है। कलेक्टर ने इस मामले में सख्त निर्देश जारी करते हुए कार्रवाई के लिए कहा है।
 


अन्य पोस्ट