रायपुर

बाइक से गिरने के विवाद में झगड़ा, दोस्त की राड से हत्या
13-Apr-2022 5:36 PM
बाइक से गिरने के विवाद में झगड़ा, दोस्त की राड से हत्या

खमतराई इलाके का मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 अप्रैल। पार्टी मनाने के बाद बाइक से जाते वक्त अचानक सडक़ दुर्घटना होने के बाद दो लोगों ने अपने ही परिचित को मौत के घाट उतार दिया। बाइक नहीं संभाल पाने की बात पर तीन लोगों में झगड़ा हो गया कि दो ने मिलकर अपने दोस्त की हत्या कर दी। खमतराई पुलिस ने बुधवार को मामले का खुलासा किया। आरोपी वेदप्रकाश चंद्रकर उर्फ बल्लू और वेदराम चंद्राकर उर्फ छोटू दोनों निवासी गुढिय़ारी को रूपेश यादव उर्फ माटिया की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है, रूपेश के भाई राकेश ने थाना में झगड़े को लेकर सूचना दर्ज कराई थी।

पुलिस ने बताया, राकेश यादव के बताए अनुसार इसका भाई रूपेश यादव  उर्फ मटिया 9 अप्रैल की रात करीब आठ बजे अपने दोस्तों के साथ खाना खाने मोटर सायकल से ढाबा की ओर जा रहा था। इसी दौरान  रसरंग बार रिंग रोड नंबर 02 के पास मोटर सायकल से तीनों गिर गए। घटना के बाद तीनों के बीच झगड़ा हो गया।

वेदप्रकाश एवं वेदराम ने रूपेश से गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। जब विवाद बढ़ गया तभी वेद प्रकाश ने सडक़ से रॉड का टुकड़ा उठाकर रूपेश पर हमला कर दिया। पेट में गंभीर चोंटे पहुंचाई। रूपेश के जख्मी होने की सूचना मिलने के बाद घर वाले मौके पर पहुंचे। यहां से रूपेश को तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया। उपचार के दौरान गंभीर चोट होने की वजह से रूपेश की मौत हो गई। देर रात इस मामले के बारे में खबर करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 


अन्य पोस्ट