रायपुर

राजधानी में आधी रात बाद बारिश, देर से निकला सूरज, बिलासपुर में भी तीन मिलीमीटर दर्ज
26-Mar-2022 6:26 PM
राजधानी में आधी रात बाद बारिश, देर से निकला सूरज, बिलासपुर में भी तीन मिलीमीटर दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 मार्च। राजधानी लगातार दूसरे दिन गर्मी से राहत रही। पश्चिमी हवाओ के असर से शनिवार आधी रात बाद शहर के भाठागांव, मोवा, दलदल सिवनी समेत कई इलाकों में अच्छी खासी बारिश हुई। हालांकि मौसम विभाग हल्की बूंदाबांदी बता रहा है। महासमुंद, बिलासपुर में भी बारिश की ख़बर है। बिलासपुर में तो तीन मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम में आए इस बदलाव से सुबह सूर्योदय भी देर से हुआ। सूरज सुबह 7.30 के आसपास नजर आया और फिर 9.30 के अच्छी धूप निकली और उसके बाद फिर बादलों ने सूरज को घेर लिया। और फिर दिन भर मौसम ऐसा ही रहा।

रात चली तेज़ हवाओं और बारिश की वजह से घर, दफ्तरों की बिजली गुल रही। इससे लोग सुबह सुबह बिजली दफ्तरों और कर्मचारियों के चक्कर काटते रहे। संविदा बिजली कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से भी सुधार कार्य में दिक्कत हुई।

मौसम विज्ञानी एसपी चंद्रा के मुताबिक रविवार सुबह से मौसम खुल जाएगा।और तेज़ गर्मी पड़ेगी। इससे पहले प्रदेश में शुक्रवार को दुर्ग सबसे गर्म रहा। वहां 38.1डिग्री दर्ज किया गया। और बलरामपुर में  सबसे कम तापमान  20 डिग्री रहा।   राजधानी में आज दिन भर बादल रहे। इससे कुछ राहत मिली।मौसम विज्ञानी एसपी चंद्रा के अनुसार पश्चिम  से हवा तथा चरम दक्षिण छत्तीसगढ़ में दक्षिण से नमी युक्त हवा आ रही है। इसके कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।


अन्य पोस्ट