रायपुर
शिवराज चौहान, प्रहलाद पटेल और सिंधिया आएंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 मार्च। खैरागढ़ चुनाव में भाजपा ने पार्टी के बड़े पिछड़े वर्ग के नेताओं को प्रचार के लिए बुलाया है। लोधी समाज के वोटरों को रिझाने के लिए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल प्रचार के लिए आ सकते हैं। साथ ही राज परिवार के दबदबे को देखते हुए ग्वालियर राजघराने के मुखिया ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रचार के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
भाजपा ने खैरागढ़ उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। सूची में 40 नाम है। सबसे पहला नाम मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान का है, जो पिछड़े वर्ग से आते हैं। खैरागढ़ में पिछड़े वर्ग के वोटरों की संख्या सर्वाधिक है। इनमें लोधी समाज के 26 फीसदी वोटर निर्णायक है। यही वजह है कि दमोह के सांसद और लोधी समाज के बड़े नेता केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल को प्रचार के लिए बुलाया जा रहा है।
खैरागढ़ सीट ज्यादातर समय राज परिवार के पास रही है। राजपरिवार का यहां काफी दबदबा है। इसलिए ग्वालियर राजघराने के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी स्टार प्रचारकों की सूची में रखा गया है। अन्य नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय सह महामंत्री शिवप्रकाश, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, डी पुरंदेश्वरी, नितिन नबीन भी हैं।
प्रदेश के नेताओं में केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सरोज पांडेय, रामविचार नेताम, पवन साय, गौरीशंकर अग्रवाल, विक्रम उसेंडी, बृजमोहन अग्रवाल, पुन्नूलाल मोहिले, पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर, सांसद अरूण साव, अमर अग्रवाल, प्रेमप्रकाश पांडेय, अजय चंद्राकर, राजेश मूणत, केदार कश्यप, नारायण चंदेल, खूबचंद पारख, शिवरतन शर्मा, विजय बघेल, मोतीलाल साहू, संतोष पांडेय, चंदूलाल साहू, भूपेंद्र सिंह सवन्नी, किरणदेव, लता उसेंडी, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, अभिषेक सिंह, सौरभ सिंह, रजनीश सिंह, संजय श्रीवास्तव, और ओपी चौधरी हैं।