रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 मार्च। राज्य सरकार ने जनवरी अंत में अपने बीस से अधिक सार्वजनिक उपक्रमों से बैंकों में जमा सरप्लस फंड को वापस मांगा था। उस दौरान सरकार के खर्चे अधिक, और राशि उपलब्ध नहीं थी। सरकार को उम्मीद थी कि निगम मंडलों से कम से कम 5 सौ करोड़ मिल सकते हैं, लेकिन दो महीने बाद भी किसी भी निगम मंडल ने राशि वित्त विभाग के, के-अकाउंट में जमा नहीं किया है। बता दें कि 27 जनवरी को विशेष सचिव वित्त शारदा वर्मा ने इन उपक्रमों के एमडी और सीईओ को इस संबंध में पत्र लिखा था। इसके जरिए सरकार करीब पांच सौ करोड़ रुपए एकत्रित करना चाहती है।
वर्मा ने कहा है कि यह राशि सरकार के, के डिपाजिट में जमा की जाएगी । जिन उपक्रमों के सीईओ, एमडी को यह पत्र भेजा गया है उनमें ,पुलिस हाउसिंग, ग्रामोद्योग बोर्ड, आबकारी निगम, खनिज निगम, माध्यमिक शिक्षा मंडल, सीएसआईडीसी। जैसे बड़े बजट वाले बीस निगम शामिल हैं। ये सभी निगम मंडल, राज्य सरकार के द्वारा दिए जाने वाले बजट से ही चलते हैं जबकि कुछ अन्य केंद्रीय अनुदान से संचालित हैं। इस संबंध में गुरूवार को वित्त विभाग के सूत्रों ने बताया किसी भी निगम ने राशि जमा नहीं की है। हालांकि इसे लेकर किसी भी निगम मंडल पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
वैसे हर साल ऐसा पत्र भेजा जाता है...
वित्त विभाग के अफसरों के अनुसार ऐसा पत्र अमुमन हर साल जारी किया जाता है, ताकि निगम, मंडलो को अनावश्यक खर्चों से रोका जा सके। वित्त विभाग ने यह पत्र , बीते कुछ सालों बाद लिखा है। बीते दो सालों में कोरोना की वजह से बजट कटौती के कारण इसकी जरूरत नहीं पड़ी थी। इस बार सरकार ,इन निगमों के जरिए पांच सौ करोड़ जुटाने जा रही है।