रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 मार्च। नागरिक विमानन कंपनियों ने अगले सात माह के लिए समय शेड्यूल जारी किया है।अब गर्मी के हिसाब से होगी विमानों की उड़ान।
नया शेड्यूल 27 मार्च से लागूहोगा। यह शेड्यूल 29 अक्टूबर तक लागू रहेगा। प्रतिदिन 28 उड़ानों का संचालन होगा। विमानन कंपनियों के सूत्रों के मुताबिक इस नई समय सारणी में रायपुर से कुछ नई उड़ाने भी जुड़ सकती हैं। इनमें एयर इंडिया की दिल्ली फ्लाइट रायपुर से सीधी उड़ान होगी। अब तक यह नागपुर होकर संचालित होती थी। इसी तरह से 27 मार्च से दिल्ली होते हुए श्रीनगर के लिए नई उड़ान सेवा शुरू करने की तैयारी है। इंडिगो की यह उड़ान श्रीनगर से सुबह 9.35 बजे उडक़र 11.10 बजे दिल्ली, और दोपहर बाद 3.45 बजे रायपुर आएंगी। वापसी में दोपहर 2.20 बजे विमान रायपुर से होकर 3.55 बजे दिल्ली, और 6.25 बजे श्रीनगर पहुंचेगा। अलायंस एयर की मुंबई-रायपुर-विशाखापटनम की उड़ानसेवा चलती रहेगी। इसके अलावा यह कंपनी रायपुर-झारसुगुड़ा-कोलकाता सेक्टर में भी उड़ान भर रही है। इसी तरह से विस्तारा एयरवेज की दिल्ली-रायपुर-दिल्ली उड़ान सेवा रोजाना सुबह, और शाम संचालित की जाएगी।
मुंबई फ्लाइट ग्राउंड हुआ..इस बीच एयरइंडिया की मुंबई-विशाखापटनम-रायपुर विमान बुधवार को तकनीकी खराबी के चलते ग्राउंड कर दिया गया है। इसके सुधार के लिए दिल्ली से तकनीकी दल रायपुर पहुंच चुका है। सुधार के बाद विमान गुरूवार शाम को उड़ान भरेगा। कल आई तकनीकी खराबी के कारण विमान में सवार यात्रियों को राजधानी के ही होटलों में ठहराया गया था। आज सुबह मुंबई की अन्य उड़ानों के जरिए इन सभी को रवाना किया गया। वहीं जिन यात्रियों ने अपने टिकट रद्द किए हैं उन्हें भाड़ा रिफंड कर दिया गया है।