रायपुर

अवैध रूप से चल रहे दो बॉयोडीजल पंप बंद, आगे भी कार्रवाई होती रहेगी
21-Mar-2022 5:09 PM
अवैध रूप से चल रहे दो बॉयोडीजल पंप बंद, आगे भी कार्रवाई  होती रहेगी

विधायक अनिता ने अफसरों पर कार्रवाई करने कहा, मंत्री की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 मार्च।
रायपुर जिले में अवैध बॉयोडीजल पंप के संचालन पर सोमवार को विधानसभा में मामला उठा। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने बताया कि जिले में अवैध रूप से चल रहे दो बॉयोडीजल पंप को बंद कराया गया है। इस पर कांग्रेस सदस्य अनिता शर्मा संतुष्ट नहीं हुई, और  उन्होंने जोर देकर कहा कि अभी भी पंप अवैध रूप से चल रहे हैं। इस  पर खाद्य मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जो भी अवैध रूप से बॉयोडीजल पंप चलाएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रश्नकाल में कांग्रेस सदस्य अनिता शर्मा के सवाल के जवाब में खाद्य मंत्री ने बताया कि रायपुर जिले में बॉयोडीजल पंप संचालित नहीं है। उन्होंने पूरक सवाल के जवाब में बताया कि दो पंप अवैध रूप से चल रहे थे। उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। गणेश पंप के यहां छापेमारी कर 25 हजार 964 लीटर बॉयोडीजल जब्त किया गया। पंप के संचालक हार्दिक पटेल थे। पंप को बंद कराया गया। इसी तरह एक अन्य पंप मालिक के खिलाफ कार्रवाई के बॉयोडीजल जब्त किया गया।

कांग्रेस सदस्य अनिता शर्मा ने जोर देकर कहा कि अवैध रूप से पंप चल रहे हैं, और इसके लिए जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी? भगत ने कहा कि अवैध रूप से पंप अब नहीं चल रहे हैं। जनता कांग्रेस के सदस्य प्रमोद शर्मा ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र से लगा हुआ इलाका है, और महिला विधायक के क्षेत्र में अवैध रूप से पंप चल रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिना संरक्षण के बॉयोडीजल पंप नहीं चल सकता है। प्रमोद शर्मा ने कार्रवाई की मांग की।

खाद्य मंत्री ने कहा कि बॉयोडीजल पंप संचालन के लिए केन्द्र सरकार द्वारा नियम निर्धारित है। उसी के अनुरूप अनुमति दी जाती है। उन्होंने विधायकों को भरोसा दिलाया कि जो भी अवैध रूप से बॉयोडीजल चलाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट