रायपुर
गोबर विक्रेता ग्रामीणों को 129.86 करोड़ रूपए का हो चुका भुगतान
रायपुर, 5 मार्च। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 6 मार्च को संध्या 5.30 बजे अपने निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना की राशि अंतरण करेंगे।इसमें पशुपालक ग्रामीणों, गौठानों से जुड़ी महिला समूहों और गौठान समितियों को 5 करोड़ 38 लाख रूपए की राशि ऑनलाइन जारी करेंगे, जिसमें 16 फरवरी से 28 फरवरी तक राज्य के गौठानों में पशुपालक ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से गोधन न्याय योजना के तहत क्रय किए गए गोबर के एवज में 2 करोड़ 7 लाख रूपए भुगतान तथा गौठान समितियों को 1.32 करोड़ और महिला समूहों को 1.98 करोड़ रूपए की लाभांश राशि शामिल हैं।
यहां यह उल्लेखनीय है कि गोधन न्याय योजना के तहत गौठानों में ग्रामीणों से 2 रूपए की दर से गोबर की खरीदी की जा रही है। गौठानों में 15 फरवरी तक खरीदे गए 64.92 लाख क्विंटल गोबर के एवज में गोबर बेचने वाले ग्रामीणों को 129.86 करोड़ रूपए का भुगतान भी किया जा चुका है। 6 मार्च को गोबर विक्रेताओं को 2 करोड़ 7 लाख रूपए का भुगतान होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 131.93 करोड़ रूपए हो जाएगा। गौठान समितियों को भी अब तक 48.05 करोड़ रूपए तथा महिला स्व-सहायता समूहों 31.34 करोड़ रूपए राशि लाभांश की भुगतान किया जा चुका है।