रायपुर

आबकारी की सख्ती के बाद भी अवैध अहाता, गोगांव में जमकर मारपीट
04-Mar-2022 4:57 PM
आबकारी की सख्ती के बाद भी अवैध अहाता, गोगांव में जमकर मारपीट

अहाता संचालक ने उधारी की रकम के बदले पहुंचाया चोट

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 4 फरवरी।
शहर में भले ही आबकारी विभाग ने कागजों में फरमान जारी कर अवैध अहातों पर तालाबंदी कर दी है लेकिन असल में अहाते अभी भी बेबाकी से चल रहे हैं। अहाता संचालक दबंगई के साथ अहाता चला रहे हैं और मारपीट जैसी घटनाओं को भी अंजाम देने में लगे हुए हैं। शुक्रवार को गोगांव अहाता में यह मामला उजागर हुआ है, जहां एक युवक ने मारपीट की शिकायत थाना में दर्ज कराई है। गुढिय़ारी पुलिस का कहना है, दिग्विजय यादव नामक शख्स से अहाता संचालक मोहन ने मारपीट की। सुबह दस बजे अहाता आने के बाद अपने साथी दीपक मलिक के साथ लकड़ी के बत्तेे से आंख और चेहरे में चोट पहुंचाई। इस मामले में थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी का कहना है वह साहूकारी का काम करता है। आरोपी संचालक ने उससे रकम उधार में ले रखा है, जब वह पैसा मांगने आया तो आरोपी और उसके साथियों ने गाली गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर दो लोग एक साथ हो गए। इसके बाद लकड़ी निकालकर हमला कर दिया। गोगांव में संचालित अवैध अहाता बिल्कुल रिंग रोड से लगा हुआ है। बाहर ढाबा के नाम से पोस्टर चस्पा कर अंदर अहाता का संचालन किया जा रहा है। बता दें गुढिय़ारी पुलिस अभी आम जगहों पर शराब पीने वालों पर लगातार कार्रवाई कर रही है लेकिन बैन होने के बाद चल रहे अवैध अहाता पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, यह सवाल खड़े करता है। अहाता में बकायदा शौकीनों के बैठने और उनके शराब पीने का चाल तक बनाया गया है। आबकारी के वरिष्ठ अफसर अहाता संचालन पर लगाम कसने के साथ उसे पूरी तरह बंद रखने सर्किल अफसरों को भी चेतावनी दे चुके हैं।


अन्य पोस्ट